आधुनिक ग्रुप की पदमपुर पावर प्लांट में एनआईटी छात्रों का औद्योगिक दौरा, गुणवत्ता प्रबंधन का लिया व्यावहारिक ज्ञान
540 मेगावाट क्षमता वाले प्लांट में आधुनिक ग्रुप ने दिखाया औद्योगिक उत्कृष्टता का मॉडल

आदित्यपुर : तकनीकी शिक्षा को औद्योगिक अनुभव से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए एनआईटी जमशेदपुर के क्वालिटी क्लब के छात्रों ने आधुनिक पॉवर प्लांट एंड नेचुरल रिसौर्सेस लिमिटेड का शैक्षणिक दौरा किया। पदमपुर स्थित यह 540 मेगावाट (2×270 मेगावाट) क्षमता वाला पावर प्लांट क्षेत्रीय ऊर्जा आपूर्ति में अहम भूमिका निभाता है। आधुनिक ग्रुप के अधिकारियों ने छात्रों का स्वागत कर उन्हें सुरक्षा मानकों की जानकारी दी। इसके बाद छात्रों को कोल हैंडलिंग प्लांट, बॉयलर यूनिट, टर्बाइन सेक्शन और सेंट्रल कंट्रोल रूम का भ्रमण कराया गया। इंजीनियरों ने कोयले के दहन से लेकर भाप उत्पादन, टर्बाइन संचालन और बिजली उत्पादन की संपूर्ण प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। दौरे के दौरान गुणवत्ता नियंत्रण, रियल-टाइम मॉनिटरिंग, प्रिवेंटिव मेंटेनेंस और पर्यावरण संरक्षण उपायों पर विशेष चर्चा हुई। प्लांट में अपनाए गए उत्सर्जन नियंत्रण और सतत विकास के प्रयासों ने छात्रों को प्रभावित किया। क्वालिटी क्लब जो इंडियन फाउंडेशन फॉर क्वालिटी मैनेजमेंट के मार्गदर्शन में संचालित है उनका उद्देश्य छात्रों में उत्कृष्टता और गुणवत्ता चेतना को बढ़ावा देना है। फैकल्टी कोऑर्डिनेटर डॉ. राम कृष्ण ने कहा कि इस तरह के औद्योगिक दौरे छात्रों को व्यावहारिक समझ और पेशेवर दक्षता विकसित करने में सहायक होते हैं। छात्रों ने भी इस अनुभव को प्रेरणादायक बताया।