लगातार 48 घंटे की बारिश से जनजीवन प्रभावित, खरीफ फसलों को नुकसान की आशंका
मक्का और उड़द की तैयार फसल में अंकुरण का खतरा, धान की बालियों को भी तेज हवा से नुकसान की आशंका

By Ajay Kumar बड़कागांव। राज्य में लगातार 48 घंटे से हो रही रुक-रुक कर बारिश ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के कारण लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हैं। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। वहीं, खरीफ फसलों मक्का, उड़द और धान को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है।
पहले बोई गई मक्का और उड़द की फसल पककर कटाई के लिए तैयार हो गई है। ऐसे में लगातार बारिश के कारण इन फसलों में अंकुरण होने की आशंका है। इससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। वहीं, धान की फसल अभी पूरी तरह तैयार नहीं हुई है, लेकिन खेतों में बालियां निकलनी शुरू हो गई हैं। बारिश के साथ चल रही तेज हवा और लहरों के कारण धान की फसल के भी क्षतिग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है।
लगातार बारिश का असर मजदूरों और असहाय लोगों पर भी पड़ रहा है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले ऐसे कामगार, जिनकी रोजी-रोटी प्रतिदिन की मजदूरी पर निर्भर है, वे घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। इससे उनके सामने परिवार के भरण-पोषण की समस्या उत्पन्न हो गई है।
दूसरी ओर, लगातार बारिश से नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया है। इससे नदी किनारे रहने वाले लोगों और झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले परिवारों की चिंता बढ़ गई है। जलस्तर में और वृद्धि होने की स्थिति में इन लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
बारिश के कारण पशु-पक्षियों और अन्य जीव-जंतुओं के लिए भी भोजन और चारे की उपलब्धता प्रभावित हुई है। लगातार बारिश से उन्हें चारा-पानी जुटाने में कठिनाई हो रही है। इस तरह लगातार हो रही बारिश का असर किसानों, मजदूरों, बच्चों और आम लोगों के साथ-साथ जीव-जंतुओं पर भी पड़ रहा है।