ताज़ा-ख़बर

विश्व पर्यावरण दिवस पर आधुनिक पावर का हरित संकल्प, साइकिल रैली और पौधरोपण से दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश

रिपोर्ट: VBN News Desk2 घंटे पहलेझारखण्ड

प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए थीम पर एपीएनआरएल का विशेष आयोजन, सीईओ ने पर्यावरण संरक्षण का किया आह्वान

विश्व पर्यावरण दिवस पर आधुनिक पावर का हरित संकल्प, साइकिल रैली और पौधरोपण से दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश

कांड्रा : 53वें विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पदमपुर स्थित आधुनिक पावर एंड नेचुरल रिसोर्सेज लिमिटेड (एपीएनआरएल) परिसर में शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण और जलवायु जागरूकता को लेकर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस वर्ष की वैश्विक थीम प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए को केंद्र में रखते हुए साइकिल रैली, पौधरोपण अभियान, जागरूकता व्याख्यान तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से हरित भविष्य का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं एपीएनआरएल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अरुण कुमार मिश्रा ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज पूरी दुनिया के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुका है। ऐसे समय में प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर चलना और पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि आज हम प्रकृति के संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं करेंगे तो आने वाली पीढ़ियों का भविष्य संकट में पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा केवल सरकारी योजनाओं या अभियानों से संभव नहीं है बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होकर अपनी भूमिका निभानी होगी। सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी ही पर्यावरण संरक्षण का सबसे प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित एमएन सिंह, राजेश कुमार शर्मा और अजय बांगड़े ने जैव विविधता संरक्षण, कार्बन उत्सर्जन में कमी तथा प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपयोग पर अपने विचार रखे। उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों और ग्रामीणों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर पर्यावरण विभाग द्वारा लगभग पांच किलोमीटर लंबी साइकिल रैली का आयोजन किया गया। सीईओ अरुण कुमार मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में बड़ी संख्या में कर्मचारियों, अधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया। स्वस्थ पर्यावरण-सुरक्षित जीवन, हरित धरती-सुरक्षित भविष्य और पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। रैली के बाद कंपनी परिसर में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। विश्व पर्यावरण दिवस समारोह के अंतर्गत पोस्टर निर्माण, रंग भरो, स्लोगन लेखन और कलाचित्र प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं अतिथियों का स्वागत पर्यावरण विभाग प्रमुख कमलेश कुमार झा ने किया। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश दिया।

इन्हें भी पढ़ें.