5 वर्षों में हुए मात्र 130 करोड़ रुपए खर्च, पूर्व मंत्री को हजार व करोड़ में अंतर नहीं मालूम: अरूणा शंकर
निवर्तमान मेयर अरुण शंकर ने किया वार्ड नंबर 6, 7, 16 व 17 में सघन जन संपर्क

मेदिनीनगर (पलामू) : भारतीय जनता पार्टी के समर्थित प्रत्याशी व मेदिनीनगर नगर निगम की प्रथम महापौर अरुणा शंकर ने गुरुवार को नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 6, 7, 16 व 17 में सघन जन संपर्क अभियान चलाकर एयर कंडीशनर चुनाव चिन्ह पर मतदान का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रत्याशी के पिता पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी निगम क्षेत्र में 1100 करोड़ खर्च करने का आरोप लगाया है। यह पूरी तरह गलत है। वे पहले सैकड़ा व हजार के अंतर को समझें। बावजूद अगर ज्ञान की कमी है तो अभी भी कुछ नहीं बिगड़ा है। प्रौढ शिक्षा के तहत नामांकन कराकर मूल जानकारी हासिल करें। निगम क्षेत्र में 130 करोड़ से भी कम खर्च हुए हैं।
कहा कि विकास विरोधी कुछ लोग रात के अंधेरों में जनता के पैसे से बने हुए चीजों को तहस-नहस किया करते थे। उस वक्त आज के तमाम मेयर प्रत्याशी के मुंह में दही जमा होता था और किसी में हिम्मत नहीं होती थी कि कोई बोले। केवल वे घटनाओं का विरोध करते हुए पुनः कई बार निजी खर्च से मरम्मती कराकर जनता सुविधा के लिए तत्पर रही। इसकी पुष्टि सोशल मीडिया व समाचार पत्रों में छपी खबरों से की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि वास्तव में दोनों प्रत्याशियों के पास आज जनता के बीच में न कुछ कहने को है और ना ही कुछ बोलने को। इसलिए उनके खिलाफ अनर्गल बयानों के माध्यम से छवि को खराब करना चाहते हैं। मगर निगम क्षेत्र की जनता इन चीजों को ध्यान से देख रही है व समझ रही है। अब 23 फरवरी के इंतजार में हैं। जहां अपना मत देकर विरासत व वंशवाद की राजनीति को धूल चटाते हुए उन्हें फिर से एक बार अधूरे कार्यों को पूरा करने का अवसर प्रदान करेगी। जहां सिर्फ शांति, खुशहाली, समृद्धि व अपराधमुक्त वातावरण का निर्माण होगा।