कपाली में लगातार एक्शन मोड में दिखे ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार, छापेमारी से लेकर ड्रंक एंड ड्राइव अभियान तक बढ़ी सख्ती
बकरीद को लेकर कपाली में हाई अलर्ट, संयुक्त गश्त और औचक निरीक्षण से पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कसी

कपाली : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार के नेतृत्व में बुधवार को पूरे दिन छापेमारी, संयुक्त गश्त, औचक निरीक्षण और एंटी ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाया गया। लगातार हो रही कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता चर्चा का विषय बनी हुई है। गोवंशीय पशुओं के भंडारण और परिवहन की शिकायत मिलने के बाद चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश सिंह, अंचल पुलिस निरीक्षक रवि कुमार सिंह, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी सह पशु चिकित्सक डॉ. रागिनी तथा कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार के नेतृत्व में कपाली ओपी क्षेत्र के सात स्थानों पर संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। जांच के दौरान केवल एक स्थान पर खटाल पाया गया जबकि अन्य जगहों पर प्रतिबंधित पशुओं की कोई बरामदगी नहीं हुई। पुलिस ने पूरे मामले में जीरो जप्ती तैयार करते हुए जांच प्रतिवेदन समर्पित किया। इसी बीच सरायकेला-खरसावां की पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कपाली ओपी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विधि-व्यवस्था संधारण, लंबित मामलों की समीक्षा तथा बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने को कहा। बकरीद को लेकर शाम के समय चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी विकास राय, एसडीपीओ शिव प्रकाश सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर रवि कुमार सिंह और ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार ने कपाली के विभिन्न इलाकों में संयुक्त गश्त भी किया। अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। इसके अलावा ट्रैफिक इंस्पेक्टर राजू कुमार और ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार के नेतृत्व में डोबो पुल के पास एंटी ड्रंक एंड ड्राइव अभियान भी चलाया गया। अभियान के दौरान वाहन चालकों की जांच की गई और लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया। कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार ने कहा कि बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि असामाजिक गतिविधियों, अवैध कार्यों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।