पलामू के पंड़वा थाना क्षेत्र में हुई मॉब लिंचिंग, लड़़की से मिलने गया था युवक, बैट्री चोर बोल कर की पिटाई, हुई मौत
पंड़वा पुलिस ने जांच किया शुरू, एक आरोपी हिरासत में

ग्रामीणों ने पंड़वा- पाटन मुख्य पथ पर पेड़ गिराकर किया है जाम
मेदिनीनगर (पलामू) : पलामू जिले के पंड़वा थाना क्षेत्र के कोकरसा के तेलियाही में पवन कुमार नामक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पवन पंड़वा थाना क्षेत्र के कोकरसा गांव का रहने वाला था। पवन को पहले बैट्री चोर बोल कर बंधक बनाया गया। फिर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पवन शनिवार की रात तेलियाही में एक लड़की से मिलने गया था। इसी दौरान परिजनों ने उसे पकड़ लिया। बाद में बैट्री चोर बोलकर परिजन व ग्रामीणों ने पवन कुमार की जमकर पिटाई कर दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पंड़वा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची व गंभीर हालत में पवन का रेस्क्यू किया। लेकिन अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इधर मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में डाक्टरों ने पवन को मृत घोषित कर दिया। इधर, घटना के बाद पवन के परिजनों व ग्रामीणों ने पंड़वा थाना क्षेत्र के कोकरसा स्थित पड़वा पाटन मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। पेड़ काटकर सड़क को अवरूद्ध कर दिया गया। हालात को देखते हुए इलाके में डीएसपी राजेश यादव, पंड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार, सदर थाना प्रभारी लालजी समेत कई पुलिस अधिकारी कैंप कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार रात 12.30 बजे के करीब पंड़वा थाना प्रभारी को कॉल आया था कि बैट्री चोरी के आरोप में एक युवक को पकड़़कर रखा गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। देखा कि एक युवक को मारपीट कर व बंधक बनाकर रखा गया है। गांव वाले उसे घेर रखे थे। पुलिस ने युवक को सभी से छुड़ाया व थाना प्रभारी को सूचना दी। पिटाई से ज्यादा तबीयत खराब होने के कारण उसे सदर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे ब्रॉड डेथ घोषित कर दिया। इधर पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस पूरे मामले में आगे की अनुसंधान व कार्रवाई कर रही है।
पीडीजे सह डालसा अध्यक्ष ने लिया संज्ञान, जांच के दिए निर्देश
पलामू के प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश सह डालसा के चेयरमैन श्रीराम शर्मा ने मॉब लिंचिंग की घटना पर त्वरित संज्ञान लिया है। उन्होंने डालसा सचिव श्री राकेश रंजन को घटना की विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पीड़ित परिवार की सहायता करने की बात कही है। इधर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव श्री राकेश रंजन ने पीएलभी राजीव मेहता व पंकज पाठक को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया है। साथ ही घटना से संबंधित रिपोर्ट व आर्थिक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मॉब लिंचिंग की धाराओं में करायी जाएगी एफआईआर दर्ज : रिष्मा रमेशन
पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेशन ने कहा कि घटना को लेकर मॉब लिंचिंग की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। घटना के बाद दंडाधिकारी की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड के द्वारा मृतक पवन कुमार के शव का पोस्टमार्टम कराया गया ।पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी कराई गई है। पवन कुमार एक दलित युवक था। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस जवानों को तैनात किया गया है।