ताज़ा-ख़बर

आदित्यपुर में दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत, संजय इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान को बनाया निशाना

रिपोर्ट: MANISH 1 घंटे पहलेअपराध

शादी समारोह के विवाद से जुड़ी बताई जा रही घटना, पार्षद प्रत्याशी सानू सिंह पर लगा आरोप, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी

आदित्यपुर में दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत, संजय इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान को बनाया निशाना

सरायकेला : आदित्यपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बाइक सवार अपराधियों ने रेलवे अंडरग्राउंड ब्रिज के पास स्थित संजय इलेक्ट्रॉनिक बैटरी दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है लेकिन गोलीबारी से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार यह घटना चार दिन पूर्व हरिओम नगर में एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद से जुड़ी बताई जा रही है। उस दौरान संजय कुमार के 15 वर्षीय बेटे की कथित रूप से बेरहमी से पिटाई कर दी गई थी। पिटाई का आरोप आदित्यपुर नगर निगम वार्ड-17 से प्रत्याशी रहे अमित रंजन उर्फ सानू सिंह, उसके भाई अमन सिंह, ऋषि तिवारी समेत अन्य लोगों पर लगा था। घायल किशोर का इलाज फिलहाल अस्पताल में चल रहा है। बताया जाता है कि उस मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया था, लेकिन काउंटर केस दर्ज होने के बाद मामला ठंडे बस्ते में चला गया था। इसी बीच शनिवार को संजय इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान पर फायरिंग की घटना सामने आ गई। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह गोलीबारी उसी विवाद की कड़ी हो सकती है। घटना के प्रत्यक्षदर्शी रवि कुमार ने बताया कि बाइक पर सवार चार अपराधी अचानक दुकान के सामने पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। इसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी-अपनी दुकानों और घरों में छिप गए। सूचना मिलते ही आदित्यपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से गोलियों के खोखे बरामद किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर अपराधियों की पहचान करने में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

इन्हें भी पढ़ें.