ताज़ा-ख़बर

अभिभावक-शिक्षक गोष्ठी में शिक्षा सुधार पर जोर, मनोज चौधरी ने की सक्रिय भागीदारी की अपील

रिपोर्ट: MANISH 2 घंटे पहलेझारखण्ड

सिर्फ विकास नहीं, शिक्षा और पारदर्शिता भी जिम्मेदारी: मनोज चौधरी का अभिभावकों व शिक्षकों को संदेश

अभिभावक-शिक्षक गोष्ठी में शिक्षा सुधार पर जोर, मनोज चौधरी ने की सक्रिय भागीदारी की अपील

सरायकेला : नृपराज मुख्यमंत्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालय में आयोजित अभिभावक-शिक्षक गोष्ठी में शिक्षा की गुणवत्ता सुधार को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। इस कार्यक्रम में नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए जबकि वार्ड पार्षद सुषमा तियु विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाध्यापक अंबिका प्रधान, वासुदेव महतो सहित कई शिक्षक एवं बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। इस दौरान छात्रों ने स्वागत गान और नाटिका प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। अपने संबोधन में मनोज चौधरी ने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा और उनके आचरण पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी से ही शिक्षा का स्तर बेहतर हो सकता है। साथ ही छात्रों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि वे अपने माता-पिता को स्कूल की बैठकों में जरूर लेकर आएं ताकि संवाद मजबूत हो सके। विद्यालय में छात्रों की कम उपस्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि वे अभिभावकों से सीधे संपर्क कर नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल विद्यालय की जिम्मेदारी नहीं बल्कि अभिभावक और समाज की भी संयुक्त जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के बाद मनोज चौधरी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की भूमिका केवल साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं तक सीमित नहीं है बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक पारदर्शिता को सुनिश्चित करना भी उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उनकी इस पहल से अभिभावकों में सकारात्मक उत्साह देखा गया और लोगों ने उम्मीद जताई कि ऐसे प्रयासों से क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था में सुधार आएगा।

इन्हें भी पढ़ें.