रामनवमी, ईद और सरहुल को लेकर सरायकेला थाना में शांति समिति की बैठक संपन्न, सौहार्द बनाए रखने की अपील
थाना प्रभारी विनय सिंह ने सुरक्षा के दिए आश्वासन, नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी ने भाईचारे पर दिया जोर

सरायकेला : थाना परिसर में आगामी रामनवमी, ईद-उल-फितर al-Fitr और सरहुल पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने की। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी यस्मिता सिंह भी उपस्थित रहीं। बैठक में विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा गणमान्य लोगों ने भाग लिया और क्षेत्र में शांति, भाईचारा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया। थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने कहा कि सभी पर्व आपसी सद्भाव और भाईचारे का संदेश देते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने बताया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा तथा शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि सरायकेला की पहचान हमेशा से सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव रही है। उन्होंने सभी समुदायों से मिलजुलकर त्योहार मनाने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन का सहयोग करना हम सभी की जिम्मेदारी है ताकि क्षेत्र में शांति और भाईचारे का वातावरण बना रहे। बैठक में उपस्थित लोगों ने भी अपने-अपने सुझाव रखे और प्रशासन को आश्वस्त किया कि सभी समुदाय मिलकर इन पर्वों को शांति, भाईचारे और उत्साह के साथ मनाएंगे। इस अवसर पर विभिन्न अखाड़ा समितियों के अध्यक्ष और सचिव समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।