ताज़ा-ख़बर

पश्चिमी सिंहभूम में नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन: आईईडी विस्फोट में सहायक कमांडेंट घायल

रिपोर्ट: VBN News Desk1 दिन पहलेझारखण्ड

पश्चिमी सिंहभूम में नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन तेज, विस्फोट में घायल अधिकारी का इलाज जारी

पश्चिमी सिंहभूम में नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन: आईईडी विस्फोट में सहायक कमांडेंट घायल

पश्चिमी सिंहभूम। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान आज सुबह आईईडी विस्फोट हुआ। इस विस्फोट में 209 कोबरा बटालियन के सहायक कमांडेंट अजय मलिक गंभीर रूप से घायल हो गए। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। घटना की पुष्टि पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने की है।

सुरक्षा बलों को सारंडा वन क्षेत्र में नक्सलियों की उपस्थिति की गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर 209 कोबरा बटालियन और जिला पुलिस की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन के लिए जंगल में निकली थी। टीम जब दुर्गम और घने इलाके से गुजर रही थी, तभी जमीन के नीचे प्लांट किया गया प्रेशर आईईडी अचानक फट गया। इस विस्फोट की चपेट में आने से सहायक कमांडेंट अजय मलिक गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

घटना के बाद, बाकी जवानों ने मोर्चा संभालते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और सर्च ऑपरेशन को तेज कर दिया। किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भी बुलाया गया। वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस मुख्यालय को तत्काल सूचना दी गई।

घायल सहायक कमांडेंट अजय मलिक को घटनास्थल से तत्काल सुरक्षित निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची एयरलिफ्ट किया गया है।

एसपी अमित रेणु ने बताया कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है।

इन्हें भी पढ़ें.