रांची में कोढ़ा गिरोह के अपराधियों से पुलिस की मुठभेड़, तीन गिरफ्तार
पूछताछ में आरोपितों ने रांची जिले में करीब एक दर्जन छिनतई और लूट की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

रांची। राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही चेन छिनतई की घटनाओं के खिलाफ रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बिहार के कटिहार जिले से जुड़े कोढ़ा गिरोह के तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान चुटू गांव के पास एक अपराधी ने पुलिसकर्मी की सर्विस पिस्टल छीनकर भागने और पुलिस टीम पर गोली चलाने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी।
पुलिस के अनुसार, शहर में लगातार सामने आ रही चेन छिनतई की घटनाओं को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन ने सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर अपराधियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद विशेष टीम का गठन कर संदिग्ध अपराधियों की निगरानी शुरू की गई। शनिवार को बरियातू थाना और मेसरा ओपी क्षेत्र में चेन छिनतई की घटनाएं सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी।
रविवार को पुलिस ने कटिहार निवासी कोढ़ा गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपितों ने रांची जिले में करीब एक दर्जन छिनतई और लूट की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। अपराधियों ने हथियारों के इस्तेमाल की बात भी बताई और पुलिस को चुटू गांव के आसपास झाड़ियों में हथियार छिपाए जाने की जानकारी दी।
पुलिस टीम तीनों आरोपितों को लेकर हथियार बरामद करने चुटू गांव पहुंची। इसी दौरान आकाश यादव उर्फ रंगीला ने बरियातू थाना के हवलदार रवींद्र कुमार पर हमला कर उनकी सर्विस पिस्टल छीन ली। इसके बाद उसने पुलिस टीम पर गोली चलाते हुए भागने का प्रयास किया। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आकाश यादव के पैर में गोली लगी। उसके दो अन्य साथियों को भी पुलिस ने मौके से पकड़ लिया।
घायल आकाश यादव को इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आकाश यादव उर्फ रंगीला, अमन कुमार यादव और कार्तिक यादव उर्फ दिनेश के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, तीनों के खिलाफ बिहार और झारखंड के विभिन्न जिलों में हथियार, लूट और चेन छिनतई से जुड़े 40 से अधिक मामले दर्ज हैं। रांची के अलावा हजारीबाग, रामगढ़ और धनबाद में भी इनके द्वारा चेन छिनतई की कई वारदातों को अंजाम देने की बात सामने आई है।
एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों से जुड़े अन्य सदस्यों और गिरोह के अंतरराज्यीय नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। अन्य आपराधिक घटनाओं में इनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।