ताज़ा-ख़बर

रामगढ़ उपकारा में देर रात पुलिस की औचक छापेमारी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेझारखण्ड

डीसी और एसपी के निर्देश पर जेल निरीक्षण, नहीं मिली कोई आपत्तिजनक सामग्री

रामगढ़ उपकारा में देर रात पुलिस की औचक छापेमारी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा

रामगढ़ : जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त पहल के तहत शनिवार देर रात रामगढ़ उपकारा (जेल) का औचक निरीक्षण किया गया। उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर संचालित इस विशेष अभियान का उद्देश्य जेल की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करना तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों पर नजर रखना था। औचक निरीक्षण का नेतृत्व रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन और पतरातु एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने किया। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने उपकारा के विभिन्न वार्डों, बैरकों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान जेल परिसर में किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु, प्रतिबंधित सामग्री या सुरक्षा व्यवस्था में कोई गंभीर खामी नहीं पाई गई। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने जेल में प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मियों एवं सुरक्षा कर्मियों को सुरक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने जेल परिसर में सतर्कता बनाए रखने, नियमित निगरानी करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना वरीय अधिकारियों को देने का निर्देश दिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि जेलों में समय-समय पर इस प्रकार के औचक निरीक्षण किए जाते हैं ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके तथा बंदियों और कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इस कार्रवाई से यह संदेश भी दिया गया कि कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा, रामगढ़ अंचल अधिकारी रमेश रविदास, दुलमी अंचल अधिकारी किशोरी यादव, चितरपुर अंचल अधिकारी दीपक मिंज, रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय सहित पुलिस एवं प्रशासन के कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण अभियान जारी रखने की बात कही है।

इन्हें भी पढ़ें.