भुरकुंडा में पुलिस-गैंगस्टर मुठभेड़, प्रिंस खान गिरोह का सक्रिय सदस्य शिवराम राम गिरफ्तार
पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई, घायल बदमाश के पास से दो पिस्टल व 59 जिंदा कारतूस बरामद

रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिले के भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के सदस्य के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। मुठभेड़ के दौरान प्रिंस खान गिरोह का सक्रिय सदस्य शिवराम राम उर्फ शिवा घायल हो गया जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर इलाज के लिए पहले सीसीएल अस्पताल भुरकुंडा और बाद में बेहतर इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि शिवराम राम किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में इलाके में मौजूद है। पुलिस टीम जब उसे पकड़ने पहुंची तो उसने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की जिसमें उसके पैर में गोली लगी और वह घायल होकर पकड़ा गया। घटनास्थल से पुलिस ने दो पिस्टल, 59 जिंदा कारतूस तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि शिवराम राम उर्फ शिवा लंबे समय से वांछित था और वह गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा था। रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूनायत ने बताया कि आरोपी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में था। पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी से गिरोह की गतिविधियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश के लिए छापेमारी अभियान तेज कर दिया गया है।