ताज़ा-ख़बर

झारखंड सरकार के मंत्री हाफिजूल हसन के बयान पर गरमाई सियासत, सरायकेला में भाजपा ने निकाली जनाक्रोश रैली

रिपोर्ट: VBN News Desk12 दिन पहलेराजनीति

सरायकेला में उठी मंत्री को बर्खास्त करने की मांग, संविधान अपमान के खिलाफ नारेबाज़ी

झारखंड सरकार के मंत्री हाफिजूल हसन के बयान पर गरमाई सियासत, सरायकेला में भाजपा ने निकाली जनाक्रोश रैली

सरायकेला (जगदीश साव) : झारखंड सरकार के मंत्री हाफिजूल हसन द्वारा संविधान को लेकर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान के विरोध में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सरायकेला में जोरदार जनाक्रोश रैली निकाली। इस रैली का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव ने किया। रैली सरायकेला व्यवहार न्यायालय से शुरू होकर अनुमंडल कार्यालय तक पहुँची। भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और पार्टी के झंडे लेकर जमकर नारेबाज़ी की, बाबा साहेब का अपमान, हिन्दुस्तान नहीं सहेगा और संविधान विरोधी सरकार मुर्दाबाद जैसे नारों से शहर गूंज उठा। इस प्रदर्शन में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रमेश हांसदा, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, नगर अध्यक्ष बद्री नारायण दारोगा, भाजपा नेत्री मीनाक्षी पटनायक, पिंकी मोदक, राकेश सिंह, विधायक प्रतिनिधि सनत आचार्या (टुल्लू), उपाध्यक्ष राकेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव ने कहा कि मंत्री हसन का बयान संविधान की मूल भावना और बाबा साहेब आंबेडकर के सिद्धांतों का अपमान है। यह बयान मुस्लिम समाज को राजनीतिक रूप से उकसाने की कोशिश है और राज्य सरकार पूरी तरह तुष्टिकरण की राजनीति में लिप्त है। वहीं जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि यह देश संविधान से चलता है न कि किसी के निजी विचारों से। एक मंत्री का ऐसा बयान देना लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक है। भाजपा ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक मंत्री हाफिजूल हसन माफी नहीं मांगते और सरकार उनके खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाती तब तक पार्टी राज्यभर में विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी। पार्टी ने अन्य जिलों में भी ऐसे विरोध प्रदर्शनों की योजना बनाई है। इस मुद्दे पर झारखंड की राजनीति गरमा गई है और आने वाले दिनों में यह विवाद और भी गहराने की संभावना है।

इन्हें भी पढ़ें.