स्कूल रूआर 2026 को सफल बनाने की तैयारी तेज, हर बच्चे के नामांकन का लक्ष्य
बरवाडीह कार्यशाला में बनी रणनीति, ड्रॉपआउट बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर

बरवाडीह, लातेहार : बरवाडीह प्रखंड क्षेत्र में ‘स्कूल रूआर 2026’ कार्यक्रम के तहत प्रखंड स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन आरके प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर में किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी रेशमा रेखा मिंज, शिक्षा विभाग के सीआरपी श्याम मनोहर यादव एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीडीओ रेशमा रेखा मिंज ने की। इस अवसर पर छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्रखंड के सभी अनामांकित बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना और स्कूल छोड़ चुके बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना रहा। अधिकारियों ने जानकारी दी कि नामांकन अभियान 15 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक प्रखंड के सभी सरकारी विद्यालयों में चलाया जाएगा। कार्यक्रम में शिक्षकों और शिक्षा कर्मियों को निर्देश दिया गया कि वे घर-घर जाकर सर्वेक्षण करें स्कूल से बाहर बच्चों की पहचान करें और अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक बनाएं। विशेष रूप से ‘क्षितिज’ श्रेणी के बच्चों को विद्यालय से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया। बीडीओ रेशमा रेखा मिंज ने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षकों से अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हर संभव प्रयास करने की अपील की। कार्यशाला में सीआरपी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, सभी सरकारी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम को शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है, जिससे प्रखंड में शिक्षा स्तर को और सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।