अपहरण के बाद युवक की हत्या मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, बेंगलुरु से दबोचा गया
जांच के क्रम में 26 जुलाई को करोरिया स्थित पांडेयपुरा गांव में एक निर्माणाधीन मकान से प्रभात मेहता का शव बरामद किया गया।

मेदिनीनगर/पाटन: पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र में हुए चर्चित अपहरण एवं हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी राहुल कुमार उर्फ राहुल राम उर्फ राहुल चंद्रवंशी को पुलिस ने कर्नाटक के राजनकुंटे (बेंगलुरु) से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को सहदेवा गांव निवासी ठाकुर दयाल मेहता ने अपने पुत्र प्रभात कुमार मेहता के अपहरण की प्राथमिकी पाटन थाना में दर्ज कराई थी। आवेदन में आरोप लगाया गया था कि राहुल राम अपने साथियों के साथ प्रभात का मोटरसाइकिल से अपहरण कर ले गया। इस संबंध में पाटन थाना कांड संख्या 120/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
जांच के क्रम में 26 जुलाई को करोरिया स्थित पांडेयपुरा गांव में एक निर्माणाधीन मकान से प्रभात मेहता का शव बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान एवं छापेमारी के आधार पर 29 जुलाई को मुख्य आरोपी राहुल कुमार को बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि मैं ब्राउन शुगर लेने प्रभात के घर गया था। वहीं से उसके साथ उसके मोटरसाइकिल में बैठकर एक अर्ध निर्मित मकान में बैठकर हम दोनों ब्राउन शुगर पीया। प्रभात में अधिक ब्राउन शुगर पी ली, इसी बीच मुझे पुरानी घटना याद आ गई। राहुल ने बताया कि प्रभात ने मुझे मारा था और मुझे बदला लेने की सूझी और मैं वहीं से एक ईंट उठाकर उसके सिर पर दे मेरा और वहां से चला गया। मुझे बाद में पता चला कि वह मर गया। भयवश से मैं बेंगलुरु चला आया। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा अन्य सहयोगी की भी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी के पास से दो सिम वाला एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पहले से भी पाटन थाना में अपहरण, मारपीट, हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एसपी कपिल चौधरी ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि घटना की जांच जारी है। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।