ताज़ा-ख़बर

आरएसएस कार्यालय पर हमले का मुख्य आरोपी पुलिस हिरासत से फरार, मुठभेड़ के बाद फिर गिरफ्तार

रिपोर्ट: VBN News Desk5 घंटे पहलेझारखण्ड

हवालात से भागने के बाद पुलिस पर फायरिंग का आरोप, जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ आरोपी सैफ

आरएसएस कार्यालय पर हमले का मुख्य आरोपी पुलिस हिरासत से फरार, मुठभेड़ के बाद फिर गिरफ्तार

रांची: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के झारखंड प्रांत कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमले के मामले में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। मामले का मुख्य आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया, लेकिन बाद में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में घायल होने के बाद उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने के आरोप में गिरफ्तार सैफ को कोतवाली थाना परिसर के हवालात में रखा गया था। गुरुवार दोपहर वह पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस की कई टीमों ने उसकी तलाश शुरू की।

जानकारी के मुताबिक मांडर क्षेत्र में आरोपी को घेरने की कोशिश के दौरान उसने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

गौरतलब है कि चुटिया थाना क्षेत्र के निवारणपुर स्थित आरएसएस कार्यालय पर देर रात पेट्रोल बम से हमला किया गया था। सीसीटीवी फुटेज में दो युवक कार्यालय परिसर की ओर पेट्रोल बम फेंकते नजर आए थे। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और न ही कार्यालय को बड़ा नुकसान पहुंचा।

इस मामले में आरएसएस के झारखंड प्रांत प्रमुख Narsingh Kumar की शिकायत पर चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत में इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की गई थी।

पुलिस ने मामले में Unlawful Activities (Prevention) Act (यूएपीए) की धाराएं भी जोड़ी हैं। अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच एजेंसियां हमले के पीछे की साजिश, आरोपियों के संपर्कों और संभावित नेटवर्क की जांच कर रही हैं।

आरएसएस की ओर से कार्यालय की सुरक्षा बढ़ाने और परिसर के आसपास स्थायी पुलिस पिकेट स्थापित करने की मांग की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

इन्हें भी पढ़ें.