ताज़ा-ख़बर

1.58 लाख करोड़ का प्रगतिशील बजट, 14.1% विकास दर का लक्ष्य : लाल किशोर

रिपोर्ट: VBN News Desk2 दिन पहलेझारखण्ड

कांग्रेस प्रवक्ता बोले– जेंडर व बाल बजट से सामाजिक सुरक्षा मजबूत, कृषि-उद्योग-स्वास्थ्य पर फोकस

1.58 लाख करोड़ का प्रगतिशील बजट, 14.1% विकास दर का लक्ष्य : लाल किशोर

रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के वार्षिक बजट को राज्य के इतिहास का सबसे प्रगतिशील बजट बताया है। उन्होंने कहा कि 1.58 लाख करोड़ रुपए से अधिक का यह बजट केवल आंकड़ों का खेल नहीं, बल्कि 3.5 करोड़ झारखंडियों की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है।

उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी इच्छाशक्ति का परिचय दिया है। 34,211 करोड़ रुपए के जेंडर बजट और 10,793 करोड़ रुपए के बाल बजट के माध्यम से सरकार ने समाज के सबसे संवेदनशील वर्गों को सुरक्षा कवच प्रदान किया है। यह बजट महिलाओं और बच्चों के प्रति सरकार की जवाबदेही तय करता है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि विपक्ष अक्सर विकास दर पर सवाल उठाता रहा है, लेकिन इस बजट में 14.1 प्रतिशत की विकास दर का लक्ष्य और जीएसडीपी को पांच वर्षों में दोगुना करने का संकल्प यह दर्शाता है कि झारखंड अब रुकने वाला नहीं है। कृषि, उद्योग और स्वास्थ्य जैसे अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन पर विशेष बल राज्य को विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा करेगा।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सोलर पैनल आधारित कोल्ड रूम तथा महिला किसान खुशहाली योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाएगी। ‘अबुआ दवाखाना’ के माध्यम से सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं गांवों तक पहुंचेंगी, जिससे गरीबों पर आर्थिक बोझ कम होगा।

पॉलिटेक्निक संस्थानों को जेएचआईटी के रूप में विकसित करने तथा पलामू समेत अन्य क्षेत्रों में एआई प्रशिक्षण शुरू करने की पहल को उन्होंने भविष्य उन्मुख कदम बताया। चतरा में डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय की स्थापना को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर बताया।

उन्होंने कहा कि दशम और जोन्हा में ग्लास ब्रिज, नेतरहाट में स्काईवॉक तथा पतरातू में फ्लोटिंग रेस्टोरेंट जैसी पर्यटन परियोजनाएं स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के हजारों अवसर सृजित करेंगी। डब्ल्यूईएफ के माध्यम से प्राप्त 1.24 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्तावों से यह स्पष्ट है कि झारखंड अब ईज ऑफ डूइंग बिजनेस का प्रमुख गंतव्य बन रहा है।

इन्हें भी पढ़ें.