ताज़ा-ख़बर

कुकड़ू में स्वास्थ्य केंद्र निर्माण को लेकर आंदोलन की घोषणा, 13 अक्टूबर को धरना और 14 से भूख हड़ताल

रिपोर्ट: MANISH 10 घंटे पहलेझारखण्ड

छह सूत्री मांगों को लेकर झारखंड आंदोलनकारी मोर्चा ने खोला मोर्चा, स्वास्थ्य केंद्र समेत विभागीय पद सृजन की मांग

कुकड़ू में स्वास्थ्य केंद्र निर्माण को लेकर आंदोलन की घोषणा, 13 अक्टूबर को धरना और 14 से भूख हड़ताल

सरायकेला-खरसावां : कुकड़ू प्रखंड में प्रस्तावित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण स्थल को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से नाराज झारखंड आंदोलनकारी मोर्चा, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने आंदोलन की घोषणा की है। संगठन के अनुसार 13 अक्टूबर को प्रखंड सह अंचल कार्यालय कुकड़ू के समक्ष सुबह 11 बजे से एक दिवसीय सांकेतिक धरना दिया जाएगा। इसके बाद 14 अक्टूबर से मांगें पूरी होने तक अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की गई है। मोर्चा का कहना है कि वर्ष 2009 में नीमडीह की चार और ईचागढ़ की पांच पंचायतों को मिलाकर कुकड़ू प्रखंड बनाया गया था। 16 वर्ष बाद भी स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पशुपालन और बिजली सहित कई विभागों की स्थायी प्रशासनिक संरचना और पद सृजित नहीं किए गए हैं। इससे ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है। आंदोलनकारियों के अनुसार जिला परिषद सरायकेला-खरसावां द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण की योजना स्वीकृत की जा चुकी है। सरकारी जमीन का चयन, टेंडर, संवेदक चयन, कार्यादेश तथा शिलान्यास की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। मोर्चा का आरोप है कि स्थल जांच के नाम पर मामला लंबे समय से लंबित है। मोर्चा की छह प्रमुख मांगों में चयनित स्थल पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण शुरू करना, सभी विभागों में स्थायी पद सृजित करना, तिरुलडीह थाना को कुकड़ू स्थानांतरित करना, आवासीय बालिका विद्यालय में शिक्षिकाओं एवं महिला गार्ड की नियुक्ति, कोल्ड स्टोरेज और विद्युत सब-स्टेशन का निर्माण तथा JSLPS से जुड़ी महिला कर्मियों को बीमा, यात्रा और मोबाइल संचार भत्ता जैसी सुविधाएं देना शामिल है। मोर्चा ने किसानों, छात्रों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों और आम ग्रामीणों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। प्रेस सूचना पर संयोजक दुबराज महतो, सुनील कुमार महतो, प्राण चंद्र महतो, आशीष कुमार महतो और गंगाधर महतो के नाम दर्ज हैं।

इन्हें भी पढ़ें.