इंटरनेशनल ओलंपियाड में रांची के अव्यान ईशान बने ईस्ट जोन टॉपर
कक्षा तीन के छात्र ने इंग्लिश लैंग्वेज ओलंपियाड में हासिल किया पहला स्थान, स्कूल व परिवार में खुशी

रांची। संत थामस स्कूल के कक्षा तीन के मेधावी छात्र अव्यान ईशान ने इंटरनेशनल ओलंपियाड ऑफ इंग्लिश लैंग्वेज 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे ईस्ट जोन में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के साथ अव्यान ने न केवल अपने विद्यालय बल्कि रांची और पूरे झारखंड का नाम रोशन किया है।
अव्यान की इस सफलता पर स्कूल परिवार में खुशी का माहौल है। जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, विद्यालय के प्राचार्य रेव. थामस के. थामस और सभी शिक्षकों ने उसे बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। प्राचार्य ने कहा कि अव्यान की मेहनत, लगन और अनुशासन अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। अव्यान रांची के अरगोड़ा क्षेत्र का निवासी है। उसके पिता कमल कुमार ने बताया कि बचपन से ही अव्यान पढ़ाई के प्रति गंभीर रहा है और नई-नई चीजें सीखने में उसकी विशेष रुचि है। वह अपने वर्ग में हमेशा अव्वल आता है और पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय रहता है। उसकी माता स्मिता जायसवाल गृहिणी हैं और वे घर पर ही उसकी पढ़ाई में सहयोग करती हैं। वे नियमित रूप से उसकी पढ़ाई की निगरानी करती हैं और उसे सही दिशा में मार्गदर्शन देती हैं। परिवार का मानना है कि अव्यान की इस सफलता के पीछे उसकी मेहनत के साथ-साथ माता-पिता का सहयोग भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ** कई बार गोल्ड मेडल** इससे पहले भी अव्यान विभिन्न विषयों के ओलंपियाड में कई बार गोल्ड मेडल जीत चुका है। लेकिन इस बार ईस्ट जोन में टॉपर बनना उसके लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इस सफलता से उसका पूरा परिवार, रिश्तेदार और परिचित गर्व महसूस कर रहे हैं। अव्यान की इस उपलब्धि से उसके दादा-दादी और नाना-नानी भी काफी खुश हैं। महज 10 वर्ष की उम्र में इतनी बड़ी सफलता हासिल करना उसकी प्रतिभा को दर्शाता है। अव्यान का पसंदीदा खेल क्रिकेट है और वह खाली समय में खेलना पसंद करता है। भविष्य को लेकर उसका सपना वैज्ञानिक बनने का है। अव्यान ने कहा कि वह आगे भी कड़ी मेहनत कर इंटरनेशनल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करना चाहता है, ताकि देश का नाम रोशन कर सके।