ताज़ा-ख़बर

एक वर्ष से लंबित कमीशन से राशन डीलर परेशान, सरकार से शीघ्र भुगतान की मांग

रिपोर्ट: MANISH 1 घंटे पहलेझारखण्ड

कोल्हू के बैल की तरह काम कर रहे डीलर, मेहनताना तक नहीं मिल रहा : फूलकांत झा

एक वर्ष से लंबित कमीशन से राशन डीलर परेशान, सरकार से शीघ्र भुगतान की मांग

गम्हरिया : झारखंड पीडीएस (PDS) संघ के प्रदेश सचिव, कोल्हान संयोजक एवं सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष फूलकांत झा ने राज्य के जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) से जुड़े राशन डीलरों की समस्याओं को लेकर राज्य सरकार एवं खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अनेक राशन डीलरों का कमीशन लगभग एक वर्ष से लंबित है जिसके कारण वे गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। फूलकांत झा ने कहा कि लंबे समय से कमीशन का भुगतान नहीं होने के कारण राशन डीलरों के सामने परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा तथा जनवितरण दुकान के संचालन जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करना भी चुनौती बन गया है। इसके बावजूद डीलर पूरी जिम्मेदारी के साथ समय पर लाभुकों तक खाद्यान्न पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से ई-केवाईसी शत-प्रतिशत पूरा कराने का लगातार दबाव बनाया जा रहा है लेकिन डीलरों के लंबित कमीशन के भुगतान को लेकर कोई स्पष्ट समय-सीमा या ठोस पहल नहीं की जा रही है। उनका आरोप है कि विभागीय अधिकारियों का ध्यान केवल निरीक्षण, शिकायतों की समीक्षा और कार्रवाई तक सीमित होकर रह गया है जबकि डीलरों की वास्तविक समस्याओं के समाधान के प्रति अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखाई दे रही है। फूलकांत झा ने कहा कि यदि राज्य सरकार जनवितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाना चाहती है तो राशन डीलरों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना होगा तथा लंबित कमीशन का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान हालात में राशन डीलरों की स्थिति पानी में मीन प्यासी जैसी हो गई है। जो डीलर दिन-रात मेहनत कर गरीबों तक खाद्यान्न पहुंचा रहे हैं वही आज अपने मेहनताने और अधिकार के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं। उन्होंने सरकार से डीलरों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द सकारात्मक कदम उठाने की मांग की।

इन्हें भी पढ़ें.