ताज़ा-ख़बर

25 गोलियां लगने के बावजूद नहीं मानी हार, चांडिल के एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार 32 साल की सेवा के बाद सेवानिवृत्त

रिपोर्ट: MANISH 7 घंटे पहलेझारखण्ड

नक्सलियों से मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल हुए थे शिव प्रकाश, अब समाजसेवा और कानूनी जागरूकता के जरिए निभाएंगे नई जिम्मेदारी

25 गोलियां लगने के बावजूद नहीं मानी हार, चांडिल के एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार 32 साल की सेवा के बाद सेवानिवृत्त

बड़कागांव : कर्तव्यनिष्ठा, साहस और संघर्ष की मिसाल रहे चांडिल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) शिव प्रकाश कुमार पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त हो गए। बड़कागांव निवासी और भूतपूर्व समाजसेवी स्वर्गीय तीलानाथ सिंह कुशवाहा के पुत्र शिव प्रकाश कुमार ने अपने लगभग 32 वर्ष के सेवाकाल में कई चुनौतियों का सामना किया। अब वे जीवन की दूसरी पारी में समाजसेवा, कानूनी सलाह और लोगों को कानून के प्रति जागरूक करने का कार्य करेंगे। वर्ष 1994 में धनबाद जिले से पुलिस सेवा की शुरुआत करने वाले शिव प्रकाश कुमार का सेवाकाल संघर्ष और जिम्मेदारियों से भरा रहा। वर्ष 2001 में लातेहार में उग्रवादियों के खिलाफ अभियान के दौरान मुठभेड़ में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके शरीर के विभिन्न हिस्सों में 25 गोलियां लगी थीं जिनमें 20 गोलियां पैर में लगी थीं। इसके बाद लगभग पांच वर्षों तक उनका इलाज चला। इस कठिन दौर में भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और स्वस्थ होने के बाद वर्ष 2006 में दोबारा पुलिस सेवा में लौटकर उग्रवाद विरोधी अभियान में अपनी भूमिका निभाई।

नक्सल विरोधी अभियान में निभाई अहम भूमिका

शिव प्रकाश कुमार ने सरायकेला-खरसावां जिले में भी नक्सलवाद के खिलाफ अभियान के दौरान अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। उन्होंने अपने सेवाकाल के अंतिम दौर में नक्सल मामले के अनुसंधान पदाधिकारी (आईओ) के रूप में कार्य करने को महत्वपूर्ण अनुभव बताया। उनके अनुसार पुलिस की नौकरी उनके लिए महज रोजगार नहीं बल्कि कर्तव्य, संघर्ष, साहस और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने की यात्रा रही।

विदाई समारोह को बताया यादगार

सेवानिवृत्ति के अवसर पर भावुक शिव प्रकाश कुमार ने कहा कि विदाई समारोह के अंतिम पल को वे कभी नहीं भूल पाएंगे और इस याद को हमेशा संजोकर रखना चाहेंगे। उन्होंने सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के नेतृत्व में आयोजित विदाई समारोह के लिए पुलिस अधिकारियों, सहकर्मियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

अब समाजसेवा की नई पारी

शिव प्रकाश कुमार ने कहा कि पुलिस सेवा से सेवानिवृत्ति के बाद भी समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी समाप्त नहीं हुई है। अब वे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। साथ ही लोगों को कानूनी सलाह देने, कानून के प्रति जागरूक करने और जरूरतमंदों को सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। उनके लिए यह नई पारी लंबे पुलिस सेवाकाल के अनुभव को समाज के हित में उपयोग करने का अवसर होगी।

इन्हें भी पढ़ें.