ताज़ा-ख़बर

दिशा की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, स्थानीय युवाओं को रोजगार देने पर जोर

रिपोर्ट: VBN News Desk7 घंटे पहलेझारखण्ड

बैठक में बालूमाथ प्रखंड के मारंगलोईया पंचायत अंतर्गत विशुनपुर में सिंचाई से संबंधित बोरिंग योजना का मामला भी उठा।

दिशा की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, स्थानीय युवाओं को रोजगार देने पर जोर

लातेहार : चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट कोऑर्डिनेशन एंड मॉनिटरिंग कमिटी (दिशा) की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन, विकास योजनाओं की प्रगति और लंबित मामलों की विभागवार समीक्षा की गई। सांसद ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर दिया।

बैठक में बालूमाथ प्रखंड के मारंगलोईया पंचायत अंतर्गत विशुनपुर में सिंचाई से संबंधित बोरिंग योजना का मामला भी उठा। लघु सिंचाई प्रमंडल द्वारा बताया गया कि स्थल सर्वेक्षण के दौरान स्प्रिंग स्थल से कमांड एरिया की दूरी करीब 1.5 किलोमीटर तथा ऊंचाई 4.5 मीटर पाई गई। साथ ही कमांड एरिया में बड़े आहर के कारण सिंचाई में ओवरलैप की स्थिति बताई गई, जिसके कारण योजना को व्यवहार्य नहीं माना गया है।

सांसद ने मामले की वस्तुस्थिति स्पष्ट करने के लिए कमिटी गठित कर स्थल जांच और विस्तृत जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। विद्युत व्यवस्था की समीक्षा के दौरान ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा बिजली बाधित होने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। शिक्षा विभाग की समीक्षा में विद्यालयों में पाठ्य-पुस्तकों की उपलब्धता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर दिया गया। पथ निर्माण विभाग को लातेहार-बालूमाथ पथ सहित अन्य सड़कों पर अनावश्यक एवं अनुपयोगी स्पीड ब्रेकर हटाने तथा सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

खनन कंपनियों में स्थानीय युवाओं को रोजगार पर जोर

बैठक में जिले में संचालित खनन कंपनियों में स्थानीय युवक-युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में की जा रही कार्रवाई की समीक्षा हुई। सांसद कालीचरण सिंह ने खनन कंपनियों के प्रतिनिधियों को स्थानीय, विशेषकर योग्य युवक-युवतियों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने जिला प्रशासन और कंपनियों के समन्वय से रोजगार मेला एवं भर्ती कैंप आयोजित करने तथा कंपनियों में उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा। भूमि अधिग्रहण के लंबित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई, जन वितरण प्रणाली के तहत पात्र लाभुकों को नियमित खाद्यान्न उपलब्ध कराने तथा अनियमितता मिलने पर कार्रवाई का भी निर्देश दिया गया। बैठक में ग्रामीण विकास, राष्ट्रीय राजमार्ग, विद्युत, पेयजल एवं स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, सामाजिक सुरक्षा, वन, दूरसंचार, बैंकिंग, आवास, मनरेगा और जल संसाधन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना और मनरेगा की प्रगति पर भी चर्चा हुई। सांसद ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन और विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन, विभागों के बीच बेहतर समन्वय और योजनाओं में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। स्थानीय विधायक एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने को भी कहा। उपायुक्त संदीप कुमार ने सांसद को आश्वस्त किया कि बैठक में प्राप्त निर्देशों एवं सुझावों के अनुरूप संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और योजनाओं के क्रियान्वयन का नियमित अनुश्रवण किया जाएगा। बैठक में राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम, विधायक प्रकाश राम, विधायक रामचन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव, उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह, अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़ें.