कोयल नदी पर नए पुल निर्माण को ले अंडर पास मार्ग बंद, छोटे-बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक
विभाग ने लोकहित, जनहित एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूल के नीचे अंडरपास मार्ग पर छोटे एवं भारी वाहनों का प्रवेश अगले आदेश तक पूर्णतः निषिद्ध कर दिया है।

मेदिनीनगर (पलामू) : डालटनगंज-चैनपुर मार्ग पर कोयल नदी के ऊपर आरसीसी गर्डर पुल निर्माण का कार्य प्रगति पर है। निर्माण कार्य के दौरान भारी वाहनों के आवागमन व यातायात जारी रहने के कारण नए पुल निर्माण में परेशानी हो रही है। इसे देखते हुए पथ निर्माण विभाग ने सुरक्षा एवं जनहित के दृष्टिकोण से गिरिवर स्कूल से चित्रगुप्त मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया है।
पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल डालटनगंज के कार्यपालक अभियंता विनय कुमार ने बताया कि डालटनगंज से चैनपुर रोड पर नॉर्थ कोयल नदी के ऊपर उच्चस्तरीय पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण से संबंधित सामग्री ले जाए जाने के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही से फूल निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है।
विभाग ने लोकहित, जनहित एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूल के नीचे अंडरपास मार्ग पर छोटे एवं भारी वाहनों का प्रवेश अगले आदेश तक पूर्णतः निषिद्ध कर दिया है। विभाग ने लोगों से निर्माण अवधि में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रतिबंधित मार्ग पर वाहनों का परिचालन नहीं करने की अपील की है।