वार्ड 18 से रुपाली कुमारी ने भरा नामांकन पर्चा, जनता की समस्याओं को बताया पहली प्राथमिकता
स्थानीय विकास, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण करना पहली प्राथमिकता

हजारीबाग: वार्ड संख्या 18 से वार्ड पार्षद पद की उम्मीदवार रुपाली कुमारी ने विधिवत रूप से अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। नामांकन के दौरान उनके समर्थकों और स्थानीय नागरिकों की अच्छी-खासी भीड़ देखी गई। इस अवसर पर रुपाली कुमारी ने कहा कि यदि जनता ने उन्हें सेवा का अवसर दिया, तो वार्ड की समस्याओं को दूर करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
उन्होंने बताया कि वार्ड 18 में जल निकासी, साफ-सफाई, सड़क, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं जैसी बुनियादी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। इन सभी मुद्दों के समाधान के लिए वे ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करेंगी। रुपाली कुमारी ने कहा कि वे जनता के साथ सीधे संवाद स्थापित कर उनकी जरूरतों को समझेंगी और हर वर्ग के विकास के लिए प्रयासरत रहेंगी।
नामांकन के बाद उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की भागीदारी से वार्ड का सर्वांगीण विकास संभव है। शिक्षा, स्वच्छता और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्थानीय लोगों ने भी उनसे उम्मीद जताई कि वे एक जिम्मेदार और सक्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में वार्ड की तस्वीर बदलेंगी।