ताज़ा-ख़बर

चैनपुर में संपन्न हुआ सबकी योजना, सबका विकास का प्रशिक्षण: बीडीओ यादव बैठा ने कहा— स्थानीय जरूरतों के अनुसार बनेगी पंचायत की विकास योजनाएं

रिपोर्ट: शनिरंजन 1 घंटे पहलेझारखण्ड

दो बैचों में कुल 72 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा; जीपीडीपी और जनभागीदारी को मजबूत करने पर दिया गया विशेष जोर

चैनपुर में संपन्न हुआ सबकी योजना, सबका विकास का प्रशिक्षण: बीडीओ यादव बैठा ने कहा— स्थानीय जरूरतों के अनुसार बनेगी पंचायत की विकास योजनाएं

चैनपुर: जिला पंचायत राज कार्यालय गुमला के तत्वावधान में सबकी योजना सबका विकास अभियान के तहत ग्राम पंचायत सहायक दल के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस विशेष प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं के बेहतर नियोजन, जनभागीदारी और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को जमीनी स्तर पर उतारना रहा।

स्थानीय प्राथमिकताओं के आधार पर योजनाओं का निर्माण— बीडीओ प्रशिक्षण के समापन समारोह को संबोधित करते हुए चैनपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी यादव बैठा ने कहा कि पंचायतों के समग्र और वास्तविक विकास के लिए यह बेहद जरूरी है कि स्थानीय जरूरतों और प्राथमिकताओं को ध्यान में रखकर ही योजनाओं का निर्माण किया जाए।

उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अपील की कि वे इस प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त तकनीकी और व्यावहारिक जानकारी का उपयोग अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने में करें। प्रशिक्षण सत्र के दौरान मास्टर ट्रेनरों ने प्रतिभागियों को ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने के तौर-तरीकों की बारीकी से जानकारी दी। इसमें मुख्य रूप से गांवों की वास्तविक जरूरतों की पहचान करना, आम ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता से योजनाओं का चयन करना और उनके क्रियान्वयन के तौर-तरीकों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही, पंचायतों में पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने के विभिन्न पहलुओं को भी समझाया गया।

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ प्रशिक्षक रणधीर निधि और सलोना ने विभिन्न तकनीकी विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया, जबकि पंचायती राज बीपीएम दिलबाग कुमार ने पूरे कार्यक्रम के संचालन और समन्वय में अहम भूमिका निभाई। यह महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम कुल दो बैचों में आयोजित किया गया था। प्रत्येक बैच में 36-36 यानी कुल 72 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने यह संकल्प लिया कि वे प्रशिक्षण से मिले ज्ञान का पूरा उपयोग पंचायतों के विकास में करेंगे और योजनाओं को अधिक जनहितकारी बनाएंगे।

समारोह में मुख्य रूप से बीडीओ यादव बैठा, अंचल अधिकारी दिनेश गुप्ता, पंचायती राज डीपीएम नवीन कुमार, जारी और डुमरी क्षेत्र के पंचायत सेवक, रोजगार सेवक, विभिन्न पंचायतों के मुखिया तथा प्रशिक्षण से जुड़े कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़ें.