ताज़ा-ख़बर

आधुनिक पावर में सुरक्षा सप्ताह संपन्न, एएचपी विभाग बना सर्वश्रेष्ठ, निदेशक मनोज अग्रवाल ने दिया सुरक्षा प्रथम-शून्य दुर्घटना का संदेश

रिपोर्ट: MANISH 1 घंटे पहलेझारखण्ड

सुरक्षित कार्यस्थल से बढ़ती है उत्पादकता: आधुनिक पावर के कार्यक्रम में बोले सीईओ अरुण मिश्रा

आधुनिक पावर में सुरक्षा सप्ताह संपन्न, एएचपी विभाग बना सर्वश्रेष्ठ, निदेशक मनोज अग्रवाल ने दिया सुरक्षा प्रथम-शून्य दुर्घटना का संदेश

कांड्रा : सरायकेला-खरसावां जिले के पदमपुर स्थित आधुनिक पावर एंड नेचुरल रिसोर्सेज लिमिटेड (एपीएनआरएल) में 55वें राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सुरक्षा सप्ताह का समापन समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सुरक्षा नियमों के पालन और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सुरक्षा मानकों के बेहतर अनुपालन के लिए कंपनी के एएचपी (ऐश हैंडलिंग प्लांट) विभाग को सर्वश्रेष्ठ विभाग घोषित किया गया। वहीं राजेश महतो और रुहिराम माझी को सबसे सचेत श्रमिक तथा कुलदीप महतो और शिवजी शर्मा को सबसे जागरूक इंजीनियर के रूप में सम्मानित किया गया। इसके अलावा मंडल कंस्ट्रक्शन को सुरक्षा जागरूक संवेदक का खिताब प्रदान किया गया। सुरक्षा विभाग के गोविंदों घोष और प्रदीप सिंह को आपातकालीन स्थिति में सूझबूझ से आग पर नियंत्रण करने के प्रयास के लिए विशेष सम्मान दिया गया। समापन समारोह के दौरान कंपनी के निदेशक मनोज कुमार अग्रवाल ने ऑनलाइन संबोधन में कर्मचारियों को सुरक्षा प्रथम-शून्य दुर्घटना का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा प्रत्येक कर्मचारी की पहली जिम्मेदारी है और सुरक्षित वातावरण ही सकारात्मक कार्य संस्कृति का निर्माण करता है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण कुमार मिश्रा ने कहा कि किसी भी उद्योग के लिए औद्योगिक सुरक्षा सर्वोपरि है। इससे कर्मचारियों, मशीनों और पर्यावरण की सुरक्षा सुनिश्चित होती है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा उपायों को गंभीरता से लागू करने से कार्यस्थल का माहौल बेहतर होता है और उत्पादकता भी बढ़ती है। सप्ताह भर चले कार्यक्रम के दौरान चित्रांकन और सुरक्षा स्लोगन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया जिसमें कर्मचारियों और उनके बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत सुरक्षा शपथ और सुरक्षा ध्वज फहराने के साथ हुई। इस अवसर पर कंपनी के पदाधिकारी एमएन सिंह, राजेश कुमार शर्मा, एनएसपी राव सहित अन्य अधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन बलजीत संसोआ ने किया जबकि ऑपरेशन्स विभाग के प्रमुख अमल वैद्यया ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह का इस वर्ष का थीम (लोगों को जोड़ें, शिक्षित करें और सशक्त बनाएं ताकि सुरक्षा को मजबूत किया जा सके) रखा गया जिसका उद्देश्य कार्यस्थल पर मजबूत सुरक्षा संस्कृति का निर्माण करना है।

इन्हें भी पढ़ें.