इनामी नक्सलियों की तलाश तेज, गांव-गांव चिपकाए पोस्टर
सूचना देने वालों को मिलेगा घोषित इनाम, पहचान रहेगी गोपनीय

पलामू। जिले में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। वांटेड हार्डकोर नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए पिपरा थाना क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में इनामी उग्रवादियों के पोस्टर चिपकाए गए हैं। पुलिस ने ग्रामीणों से इन नक्सलियों के संबंध में सूचना देने की अपील की है।
पलामू एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर पिपरा थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव-गांव पहुंचकर पोस्टर लगाए। पोस्टरों में भाकपा माओवादी और टीएसपीसी से जुड़े उन उग्रवादियों के नाम और तस्वीरें शामिल हैं, जो लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इनमें कई पर सरकार ने 10 से 15 लाख रुपये तक का इनाम घोषित कर रखा है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टर में शामिल सभी वांटेड उग्रवादी फिलहाल फरार हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में उनकी पहचान सार्वजनिक कर पुलिस उनके संबंध में सूचनाएं जुटाने और गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज करना चाहती है।
15 लाख तक का है इनाम
भाकपा माओवादी से जुड़े नितेश यादव उर्फ इरफान जी उर्फ नन्दू उर्फ किरानी पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित है। वहीं गोदराई यादव उर्फ संजय यादव, इश्तियाक अंसारी उर्फ ठेंगन मियां तथा मनोहर गंझू उर्फ सोहन गंझू उर्फ दिनेश गंझू पर 10-10 लाख रुपये का इनाम है।
टीएसपीसी से जुड़े आरिफ जी उर्फ शशिकांत जी उर्फ सुदेश जी उर्फ सुरेश जी पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित है। सूची में नथुनी सिंह उर्फ नथुनी उर्फ छोटू का नाम भी शामिल है।
पुलिस ने कहा है कि इन वांटेड उग्रवादियों के दिखाई देने, गांव में आने-जाने या उनके ठिकाने से संबंधित सटीक सूचना देने वाले व्यक्ति को घोषित इनाम राशि के अनुसार पुरस्कृत किया जाएगा। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वांटेड उग्रवादी के संबंध में तत्काल पुलिस को सूचना दें।