ताज़ा-ख़बर

ईद मिलादुन्नबी जुलूस को लेकर साकची में सुरक्षा मंथन, परमजीत सिंह काले ने भाईचारे और समन्वय पर दिया जोर

रिपोर्ट: VBN News Desk4 घंटे पहलेझारखण्ड

26 अगस्त के जुलूस-ए-मोहम्मदी को शांतिपूर्ण बनाने की तैयारी, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर बनी रणनीति

ईद मिलादुन्नबी जुलूस को लेकर साकची में सुरक्षा मंथन, परमजीत सिंह काले ने भाईचारे और समन्वय पर दिया जोर

जमशेदपुर : आगामी 26 अगस्त को जमशेदपुर में निकलने वाले जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी (जुलूस-ए-मोहम्मदी) को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर रविवार शाम साकची थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस मार्ग, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता साकची थाना के पुलिस अवर निरीक्षक जितेन्द्र वर्मा ने की। इस दौरान मानगो गांधी मैदान से निकलकर आम बागान मैदान तक पहुंचने वाले जुलूस के मार्ग पर विशेष चर्चा हुई। एमजीएम गोलचक्कर से लेकर शीतला मंदिर के आसपास संभावित भारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल और आवश्यक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की सिफारिश की गई। बैठक में शांति समिति के सक्रिय सदस्य परमजीत सिंह काले ने विशेष रूप से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जुलूस-ए-मोहम्मदी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देता है। हमारी प्राथमिकता है कि जुलूस पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से निकले और किसी भी समुदाय अथवा आम नागरिक को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की विशेष व्यवस्था के साथ शांति समिति के सदस्य भी प्रशासन को पूरा सहयोग देंगे। जुलूस के मद्देनजर आम बागान मैदान में चल रहे मेले को एक दिन बंद रखने का निर्णय भी लिया गया ताकि भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति से बचा जा सके। सक्रिय सदस्य सोनू रज़ा ख़ान और हरविंदर सिंह ने भी प्रशासन एवं शांति समिति के बीच बेहतर समन्वय को जरूरी बताया और लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। बैठक में साकची थाना के उपनिरीक्षक अभिनव कुमार, हरि महतो, राजेश सिंह सहित परमजीत सिंह काले, सोनू रज़ा ख़ान, हरविंदर सिंह, राकेश साहू, मुन्ना ख़ान, बलजीत संसोआ, शांतनु बोस, परमेन्द्र सिंह, हसीन अहमद, डीके घोष और सुनील देबुका समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़ें.