वरिष्ठ पत्रकार राणा अरुण सिंह के पिता राणा रामबदन सिंह की 85 वर्ष की आयु में निधन
पैतृक गांव बेलहथ में होगा अंतिम संस्कार

मेदिनीनगर (पलामू) : वरिष्ठ पत्रकार व राष्ट्रीय नवीन मेल के संपादक राणा अरुण सिंह के पिता सेवानिवृत्त दरोगा राणा रामबदन सिंह की गुरुवार को 85 वर्ष की आयु में इलाज के दौरान एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पत्रकारिता जगत, सामाजिक व प्रशासनिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
पिछले एक सप्ताह से राणा रामबदन सिंह अस्वस्थ चल रहे थे। उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा था। बाद में घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे। इसी बीच एकाएक तबीयत बिगड़ गई। उपचार के दौरान स्थानीय मिशन स्कूल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिजनों, रिश्तेदारों व शुभचिंतकों में गहरा शोक व्याप्त है।
राणा रामबदन सिंह अपने सेवाकाल में एक कर्तव्यनिष्ठ व ईमानदार पुलिस अधिकारी के रूप में जाने जाते थे। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहे। अपने सरल, सौम्य व मिलनसार व्यक्तित्व के कारण समाज में सम्मानित थे। उनके पुत्र रामा अरूण सिंह ने बताया कि पार्थिव का अंतिम संस्कार पैतृक गांव बेलहथ में पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ किया जाएगा।
अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में परिजन, पत्रकार, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि व शुभचिंतक पहुंचे व श्रद्धांजलि दी। राणा रामबदन सिंह के निधन पर विभिन्न सामाजिक संगठनों, पत्रकारों और गणमान्य लोगों ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति व शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।