ताज़ा-ख़बर

सरायकेला पुलिस का बड़ा एक्शन, 16.50 लाख की ब्राउन शुगर के साथ एक महिला सहित 3 तस्कर गिरफ्तार

रिपोर्ट: MANISH 6 दिन पहलेअपराध

बंधुगोड़ा में किराए के मकान से चल रहा था नशे का कारोबार, 679 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद

सरायकेला पुलिस का बड़ा एक्शन, 16.50 लाख की ब्राउन शुगर के साथ एक महिला सहित 3 तस्कर गिरफ्तार

सरायकेला-खरसावां : जिला पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कपाली ओपी क्षेत्र से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बरामद ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 16.50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 6 मई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कपाली ओपी क्षेत्र के बंधुगोड़ा स्थित इम्तियाज खान के मकान में अवैध रूप से ब्राउन शुगर का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम का गठन किया और बताए गए मकान में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 82.80 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की जिसे 679 पुड़िया में पैक किया गया था। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 16 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में महाराज अली, असगर अली और शबनम प्रवीन शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी किराएदार बनकर उक्त मकान में रह रहे थे और वहीं से नशे के कारोबार का संचालन कर रहे थे। पुलिस ने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपी महाराज अली का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह आरआईटी थाना क्षेत्र के एक मामले में वांछित था। पुलिस ने सभी आरोपियों की बायोमेट्रिक जांच और फिंगरप्रिंटिंग की प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं अब पुलिस इस नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच में जुट गई है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और संभावित सफेदपोश संरक्षकों तक पहुंचा जा सके। जिला पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

बाइट : निधि द्विवेदी, एसपी सरायकेला

इन्हें भी पढ़ें.