गम्हरिया प्रखंड कार्यालय के मुख्य द्वार पर निर्माणाधीन दुकान सील, जांच के बाद प्रशासन ने लगाई रोक
खबर के बाद डीसी ने लिया संज्ञान, जांच में निर्माण अनधिकृत मिलने पर सहकारिता विभाग ने की कार्रवाई

गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड सह अंचल कार्यालय के मुख्य द्वार के समीप सरकारी जमीन पर निर्माणाधीन दुकान के मामले में बुधवार, 07 अक्टूबर 2026 को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य पर रोक लगा दी। जिला सहकारिता पदाधिकारी विजय पूर्ती, अवर निबंधक राजीव रंजन और गम्हरिया प्रखंड के प्रभारी सहकारिता प्रसार पदाधिकारी अनीश कुमार की मौजूदगी में निर्माणाधीन दुकान का दरवाजा सील कर दिया गया। मामला गुरुवार को मीडिया में प्रमुखता से सामने आया था। खबर प्रकाशित होने के बाद उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जिला सहकारिता पदाधिकारी और अंचल अधिकारी को जांच का निर्देश दिया था। इसके बाद गम्हरिया के प्रभारी सहकारिता प्रसार पदाधिकारी अनीश कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय जांच की। जांच रिपोर्ट में निर्माण को अनधिकृत पाए जाने के बाद बुधवार को कार्रवाई की गई। दरअसल प्रखंड कार्यालय के मुख्य द्वार के समीप दुकान निर्माण को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके थे। बताया गया था कि इसी स्थान पर पूर्व में पक्का निर्माण शुरू हुआ था जिसे तत्कालीन अंचल अधिकारी मनोज कुमार के हस्तक्षेप के बाद रुकवा दिया गया था। बाद में दोबारा निर्माण कार्य शुरू होने के साथ मौके पर सीतारामपुर ग्राम मत्स्यजीवी सहयोग समिति लिमिटेड, सीतारामपुर गम्हरिया तथा झारखंड फ्रेश फिश मछली बिक्री केंद्र का बोर्ड लगाए जाने की जानकारी सामने आई थी। मामला सामने आने के बाद अंचल प्रशासन की भूमिका को लेकर भी सवाल उठे थे। अंचल कार्यालय के बड़ा बाबू तरुण ठाकुर से पूछे जाने पर शिकायत के बिना कार्रवाई में कठिनाई की बात सामने आई थी। इसके बाद मीडिया रिपोर्ट के माध्यम से मामला उपायुक्त के संज्ञान में पहुंचा और जांच के निर्देश जारी हुए। जांच के बाद अब निर्माणाधीन दुकान को सील कर कार्य रोक दिया गया है। कार्रवाई से यह स्पष्ट हुआ कि प्रशासन ने मीडिया में मामला सामने आने के बाद जांच कर निर्माण की स्थिति की पड़ताल की और रिपोर्ट के आधार पर कदम उठाया। अब संबंधित स्थल की भूमि एवं निर्माण से जुड़े अभिलेखों की स्थिति भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।