सीरीस भट्ठा गोलीकांड का खुलासा, आदित्यपुर पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी, हथियार और बाइक बरामद

सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में बीते 2 मार्च को सीरीस भट्ठा के समीप हुए गोलीकांड मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में कुख्यात अपराधी संजय सरकार का बेटा शुभम सरकार और राज लोहार उर्फ कालू शामिल हैं। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों ने राजवीर सिंह उर्फ लालू और उसके साथी आशीष दीप पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई थी। घटना के दौरान मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे राजवीर सिंह उर्फ लालू को गोली लग गई जिसके बाद उसे गंभीर हालत में टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सावैया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, बाइक और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि दोनों परिवारों के बीच पुराने विवाद के कारण यह घटना हुई। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।