चैनपुर में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई टाटा मैजिक
3 वर्ष का बच्चा समेत 6 घायल चार की हालत गंभीर, सदर अस्पताल रेफर

चैनपुर-: चैनपुर थाना क्षेत्र के मालम-टोंगो रोड पर सोमवार दोपहर करीब 1:00 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मालम गांव में एक शादी समारोह से लौट रही टाटा मैजिक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। इस घटना में वाहन सवार छह लोग घायल हो गए जिनमें से चार की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई जिसके बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चैनपुर में भर्ती कराया गया। घायलों में शशि तिर्की (32 वर्ष), असित राजेश एक्का (22 वर्ष), बुधना मुंडा (18 वर्ष) और फिलिप कुजूर (52 वर्ष) को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं 3 वर्षीय असित कुजूर और शशि तिर्की को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार टाटा मैजिक का चालक शराब के नशे में था जिसके कारण वह वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और यह दुर्घटना हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
