सोसो कलां मुख्य मार्ग बदहाल, जलजमाव और बड़े-बड़े गड्ढों से राहगीर परेशान
ग्रामीणों के अनुसार वर्षों से उपेक्षित सड़क पर हर बारिश में बढ़ती है मुश्किलें, हादसे की आशंका बरकरार

Dilip Karmaali रामगढ़ गोला: ग्रामीणों के अनुसार गोला प्रखंड के सोसो कलां स्थित एनएच-23 से सरला, पतरातु तथा गांव के विभिन्न टोला-मोहल्लों को जोड़ने वाली मुख्य सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है। लगातार बारिश के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जलजमाव के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक इस मार्ग से रामनवमी, मुहर्रम और बारह रबीउल अव्वल जैसे प्रमुख पर्वों के जुलूस भी गुजरते हैं। वहीं मुस्लिम समुदाय के किसी व्यक्ति के निधन पर जनाजे को कब्रिस्तान ले जाने के लिए भी यही मुख्य रास्ता है। ऐसे में बरसात के दिनों में लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल ही में एक राजनीतिक दल के नेता द्वारा जनसहयोग से सड़क के गड्ढों में कच्ची मिट्टी डलवाकर लोगों को अस्थायी राहत देने का प्रयास किया गया था। हालांकि लगातार हो रही बारिश के कारण वह मिट्टी पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गई, जिससे सड़क की स्थिति पहले जैसी ही बदहाल हो गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कलभट (पुलिया) के अंदर वर्षों से सफाई नहीं होने और कचरे के जमाव के कारण बारिश का पानी की निकासी नहीं हो पाती, जिससे सड़क लंबे समय तक जलमग्न रहती है। विशेष सूत्रों के अनुसार सड़क निर्माण का टेंडर होने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र जलनिकासी की व्यवस्था कराने और सड़क का स्थायी निर्माण शुरू कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।