मॉडल्स और परियोजनाओं में दिखी छात्रों की रचनात्मकता
वीवीपीएस में ‘इंडेवर–2026’ का आयोजन, चीफ गेस्ट के रूप में मौजूद रहे रांची डीसी

रांची। 22 जनवरी 2026 को विद्या विकास पब्लिक स्कूल में वार्षिक प्रदर्शनी ‘इंडेवर–2026’ का भव्य आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, नवीन सोच और ज्ञान का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इस दौरान विज्ञान, कला, सामाजिक विज्ञान, गणित और पर्यावरण संरक्षण जैसे विभिन्न विषयों पर आधारित करीब 1200 परियोजनाएं और मॉडल प्रदर्शित किए गए। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमताओं को उजागर करना और उनके व्यवहारिक ज्ञान को प्रोत्साहित करना था। ऊर्जा, गति, भूमि और आकाश, जलवायु परिवर्तन, जल संरक्षण, तकनीकी विकास, संचार के बदलते स्वरूप और प्रदूषण के प्रभाव जैसे विषयों पर आधारित मॉडल दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंजूनाथ भजंत्री (आईएएस), उपायुक्त, रांची ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों की सराहना करते हुए कहा कि आज के बच्चों के पास अनोखी और नवीन रचनात्मक संकल्पनाओं की कोई कमी नहीं है। उन्होंने छात्रों को भविष्य में भी नवाचार की दिशा में निरंतर कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया।
प्रदर्शनी में अभिभावकों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय की निदेशक प्रभा सिंह ने बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रशंसा की। विद्यालय की प्रधानाचार्य जया प्रसाद ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता, मानसिक विकास और नेतृत्व क्षमता को मजबूती मिलती है।