मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 की सड़कें व लाईट व्यवस्था होंगी चकाचक : अभिषेक सिंह
पूरे वार्ड क्षेत्र में नालियों का होगा निर्माण, किसी भी आवेदन पर टाइम बांड में होगा त्वरित कार्य

मेदिनीनगर (पलामू) : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार द्वारा राज्य में नगर निकाय चुनाव कराने की स्वीकृति दिए जाने के साथ ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मेदिनीनगर समेत राज्य के अन्य नगर निकाय क्षेत्रों में संभावित प्रत्याशी सक्रिय हो गए हैं। चुनावी तैयारियों का दौर शुरू हो चुका है।
इसी कड़ी में मेदिनीनगर नगर निगम के वार्ड नंबर 12 से झारखंड मुक्ति मोर्चा नेता अभिषेक सिंह ने चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। अभिषेक सिंह ने स्पष्ट किया कि यदि जनता ने उन्हें मौका दिया तो वार्ड नंबर 12 स्वच्छ, सुंदर व विकसित होगा। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 12 की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना, साफ-सफाई, जलापूर्ति, सड़क व नाली व्यवस्था को दुरुस्त करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
अभिषेक सिंह ने कहा कि वार्ड संख्या 12 की देवतुल्य जनता उन्हें आशीर्वाद देती है तो वे उक्त वार्ड का विकास करके दिखाएंगे। कहा कि वार्ड की नालियां जीर्ण-शीर्ण हो गई हैं। सड़कों पर पानी बह रहा है। इससे वार्ड क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि मौका मिला तो वे सड़कों को चकाचक कर देंगे। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 12 के लोगों को रात्रि में अंधेरे में होकर गुजरना पड़ता है। लाइट लगाई गई है लेकिन जलता ही नहीं है। इस कारण लोगों को बड़ी परेशानी होती है। कहा कि चुनाव जीतने के बाद सभी पोल पर एलईडी लाइट लगवाने का काम करेंगे। ताकि रोशनी में पूरा वार्ड नंबर 12 क्षेत्र जगमग हो सके।
अभिषेक सिंह ने कहा कि मोहल्ले वासियों को पेयजल समेत कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि वे वार्ड नंबर 12 में एक कार्यालय खोलेंगे। इसमें जनता की हर तरह की समस्याओं का समाधान के लिए आवेदन लिया जाएगा। उन्हें घर बैठे आवेदन से संबंधित कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सेवाभाव व सामाजिक कार्य उनके जीन में है। गौरतलब है कि अभिषेक सिंह के परदादा नर्वदेश्वर सिंह उर्फ नरू सिंह डालटनगंज नगरपालिका के वर्षों तक अध्यक्ष रह चुके थे।