विद्यार्थी अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित कर पढ़ाई जारी रखें, सफलता जरूर मिलेगी
चिरंजीवी कॉन्सेप्ट स्कूल में कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों के लिए आशीर्वचन समारोह

रांची। चिरंजीवी कॉन्सेप्ट स्कूल, कांके में कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों के लिए आशीर्वचन समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा में सफलता के लिए शुभकामनाएं और आशीर्वाद प्रदान करने के लिए किया गया। समारोह के दौरान विद्यालय की प्राचार्या श्वेता त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं से संबंधित नियमों और निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी तथा परीक्षा के समय अनुशासन, समय-प्रबंधन और आत्मविश्वास बनाए रखने के महत्व पर प्रकाश डाला।
विद्यालय की निदेशिका डॉ माया कुमार ने भी विद्यार्थियों का मनोबल और आत्मविश्वास बढ़ाते हुए अपनी शुभकामनाएं दीं तथा कहा कि कठिन परिश्रम का कोई विकल्प नहीं है। विद्यार्थी केवल अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें और लगातार पढ़ाई जारी रखें।
इस मौके पर उपस्थित सभी शिक्षकों ने आगामी बोर्ड की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं और आशीर्वाद प्रदान किया। यह समारोह सकारात्मक वातावरण, उत्साह और प्रेरणा से भरपूर रहा। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम की कामना की।