सरायकेला नगर पंचायत चुनाव में सुमित चौधरी ने जारी किया जनहित का व्यापक संकल्प-पत्र
विकास, पारदर्शिता और युवा सशक्तिकरण पर फोकस, प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा नेताओं ने बताया विज़न

सरायकेला : नगर पंचायत चुनाव 2026 को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सुमित कुमार चौधरी ने अपना विस्तृत संकल्प-पत्र जारी कर जनसमर्थन की अपील की है। संकल्प-पत्र में शहर की आधारभूत समस्याओं के समाधान, महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं के रोजगार, स्वच्छता, पेयजल, सड़क और नाली निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण वादे किए गए हैं। संकल्प-पत्र में प्रत्येक मोहल्ले में रोड-लाइट की व्यवस्था, बिजली-पानी की समस्या का त्वरित समाधान, सीसीटीवी कैमरा स्थापना, सार्वजनिक हॉल में मुफ्त वाई-फाई, प्रतियोगी छात्रों के लिए पुस्तकालय एवं मुफ्त वाई-फाई, बीपीएल कन्या विवाह में निःशुल्क पानी टैंकर, होल्डिंग टैक्स समय पर भुगतान पर विशेष छूट, मेधावी छात्रों को सम्मान, भूमिहीनों के लिए आवास निर्माण और विभिन्न घाटों का विकास जैसे मुद्दे शामिल हैं। इस अवसर पर सोनाराम बोदरा ने कहा कि सुमित चौधरी का संकल्प-पत्र शहर के समग्र विकास का रोडमैप है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए एक युवा और ऊर्जावान नेतृत्व की आवश्यकता है जो जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतर सके। वहीं भाजपा की ओर से सरायकेला नगर पंचायत चुनाव प्रभारी रामानाथ महतो ने कहा कि यह संकल्प-पत्र भाजपा की विकासोन्मुखी सोच को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि जनता पहले भी भाजपा को जिताया था और इस बार भी भाजपा समर्थित प्रत्याशी सुमित चौधरी को ही जितायेगी और नगर पंचायत में पारदर्शी एवं जवाबदेह व्यवस्था स्थापित की जाएगी। चुनावी माहौल में जारी इस संकल्प-पत्र ने नगर पंचायत क्षेत्र में राजनीतिक चर्चा को और तेज कर दिया है।