कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बरवाडीह में समर कैंप का शुभारंभ, छात्राओं में दिखा उत्साह
पेंटिंग, योग, नृत्य और व्यक्तित्व विकास गतिविधियों से निखरेगी छात्राओं की प्रतिभा

बरवाडीह, लातेहार : कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, बरवाडीह में मंगलवार को तीन दिवसीय समर कैंप 2026 का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन वार्डन सह शिक्षिका रूबी कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। समर कैंप की शुरुआत के साथ ही विद्यालय परिसर में छात्राओं के बीच काफी उत्साह और उमंग देखने को मिला। विद्यालय प्रबंधन की ओर से आयोजित इस समर कैंप में छात्राओं के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। कैंप के दौरान छात्राओं को पेंटिंग, नृत्य, गीत-संगीत, योग, भाषण कला तथा व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। विद्यालय की वार्डन सह शिक्षिका रूबी कुमारी ने कहा कि समर कैंप का मुख्य उद्देश्य छात्राओं के अंदर छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उनमें आत्मविश्वास विकसित करना है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों के मानसिक और रचनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। समर कैंप में छात्राएं पूरे उत्साह के साथ भाग ले रही हैं। विद्यालय परिवार का मानना है कि इस तरह के आयोजन से छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मनिर्भरता का विकास होता है। मौके पर शिक्षिका पूनम कुमारी, जुबिता मिंज, नमिता कुमारी, यशी कुमारी, तरन्नुम आरा, हलीमा खातून सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित रहे।