जेल की सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण, छापेमारी में नहीं मिला कोई आपत्तिजनक सामान
निरीक्षण के दौरान कैदियों से संवाद भी स्थापित किया गया, जिसमें किसी भी कैदी द्वारा कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।

By Ajay kumar
पाकुड़। उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देशानुसार शनिवार देर रात अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी के नेतृत्व में मंडल कारा में विशेष औचक छापेमारी अभियान चलाया गया। इस अभियान में कई थानों की संयुक्त पुलिस टीम शामिल रही। सर्च अभियान के दौरान कारा अधीक्षक भी मौके पर उपस्थित थे।
छापेमारी के क्रम में अधिकारियों एवं पुलिस बल द्वारा पुरुष एवं महिला कैदी सेल, कैदी अस्पताल, जेल किचन सहित मंडल कारा के सभी महत्वपूर्ण वार्डों एवं स्थानों का गहन निरीक्षण किया गया। तलाशी के दौरान किसी भी प्रकार का आपत्तिजनक, प्रतिबंधित अथवा संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ।
निरीक्षण उपरांत अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी ने बताया कि यह कार्रवाई जेल में विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा मानकों की नियमित समीक्षा के उद्देश्य से की गई। निरीक्षण में सभी वार्ड नियमों के अनुरूप पाए गए तथा किसी प्रकार की अवैध गतिविधि नहीं पाई गई।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान कैदियों से संवाद भी स्थापित किया गया, जिसमें किसी भी कैदी द्वारा कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। जेल परिसर की साफ-सफाई, अस्पताल व्यवस्था, भोजन व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं संतोषजनक एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गईं।
मौके पर अंचलाधिकारी पाकुड़, नगर थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं बल के जवान उपस्थित थे।