आदित्यपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या के आरोप में पति समेत चार गिरफ्तार
प्रेम विवाह के कुछ महीने बाद पिंकी महतो की मौत से मचा हड़कंप, सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट खंगाल रही पुलिस

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सतवाहनी स्थित जॉय नेक्स्ट अपार्टमेंट में नवविवाहिता पिंकी महतो की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मृतका के पिता ललित महतो की लिखित शिकायत पर पुलिस ने दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। गिरफ्तार आरोपियों में पति मनीष शर्मा, ससुर श्याम शर्मा, सास पूनम शर्मा और देवर सतीश शर्मा शामिल हैं। बताया जाता है कि पिंकी ने कुछ महीने पहले मनीष शर्मा के साथ प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद वह आदित्यपुर स्थित जॉय नेक्स्ट अपार्टमेंट में रह रही थी। मृतका के पिता ललित महतो, निवासी आदित्यपुर-1, रोड नंबर तीन, ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए बेटी को लगातार प्रताड़ित करने और उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि पिंकी गर्भवती थी और घटना वाले दिन उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोप है कि उसकी छाती और पेट पर वार किए गए। परिजनों के अनुसार गंभीर हालत में पिंकी को पहले जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल और फिर रांची स्थित रिम्स ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मायके पक्ष का आरोप है कि उन्हें समय पर घटना की सूचना नहीं दी गई। परिजनों ने घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए छत से कूदने की कहानी गढ़े जाने का भी आरोप लगाया है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पिंकी की मौत की खबर मिलने के बाद आक्रोशित परिजन शव लेकर अपार्टमेंट पहुंचे और विरोध जताया। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के अनुसार शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। फिलहाल पिंकी की मौत की वास्तविक परिस्थितियों का पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।