ताज़ा-ख़बर

आदित्यपुर के मांझी टोला में दर्दनाक हादसा, 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आने से 27 वर्षीय युवक की मौत

रिपोर्ट: MANISH 7 घंटे पहलेझारखण्ड

घर की छत पर काम कर रहा था मुन्ना मुदरी, हाईटेंशन तार ने ली जान, बस्ती के करीब बिजली तारों को लेकर लोगों में चिंता

आदित्यपुर के मांझी टोला में दर्दनाक हादसा, 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आने से 27 वर्षीय युवक की मौत

आदित्यपुर : थाना क्षेत्र के भट्टा बस्ती स्थित मांझी टोला में बुधवार को करंट लगने से 27 वर्षीय युवक मुन्ना मुदरी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक अपने घर की छत पर काम कर रहा था, तभी वह छत के बेहद करीब से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुन्ना मुदरी बुधवार को अपने घर की छत पर किसी काम में व्यस्त था। इसी दौरान वह हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया। तेज करंट लगने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक की जान जा चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। युवक की असमय मौत से परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है वहीं पूरी बस्ती में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना आदित्यपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। हादसे के बाद स्थानीय निवासियों ने बस्तियों और मकानों के नजदीक से गुजरने वाले हाईटेंशन बिजली तारों को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि ऐसे तारों के आसपास रहने वाले परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। घटना ने रिहायशी इलाकों में बिजली लाइनों की सुरक्षित दूरी और संभावित खतरे को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इन्हें भी पढ़ें.