टाटा स्टील के फेरो एलॉय प्लांट्स और माइंस को नेशनल सेफ्टी कॉन्क्लेव 2024 में सम्मान
इसके अलावा, जोडा वेस्ट आयरन और मैंगनीज माइंस को प्लेटिनम श्रेणी में तथा सरुआबिल क्रोमाइट माइंस को गोल्ड श्रेणी में सम्मानित किया गया

जमशेदपुर (वरुण) : टाटा स्टील के फेरो एलॉय प्लांट्स (एफएपी), आयरन, मैंगनीज और क्रोमाइट माइंस को नेशनल सेफ्टी कॉन्क्लेव-2024 में प्रतिष्ठित कलिंगा सेफ्टी एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार इन प्लांट्स और माइंस को वर्ष 2023 में उत्कृष्ट सुरक्षा प्रदर्शन के लिए दिया गया है। इंस्टीट्यूट ऑफ क्वालिटी एंड एनवायरनमेंट मैनेजमेंट सर्विसेज (आईक्यूईएमएस) द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह में ओडिशा के उपमुख्यमंत्री श्री कनक वर्धन सिंह देव और किंगडम ऑफ लेसोथो की उच्चायुक्त महामहिम लेबोहांग वेलेंटाइन मोचाबा भी उपस्थित थे। टाटा स्टील के फेरो एलॉयज एंड मिनरल्स डिवीजन (एफएएमडी) के तहत संचालित एफएपी अथागढ़ और एफएपी जाजपुर को प्लेटिनम श्रेणी में सम्मानित किया गया, जबकि एफएपी बामनीपाल और एफएपी जाजपुर ने गोल्ड श्रेणी में यह पुरस्कार हासिल किया। इसके अलावा, जोडा वेस्ट आयरन और मैंगनीज माइंस को प्लेटिनम श्रेणी में तथा सरुआबिल क्रोमाइट माइंस को गोल्ड श्रेणी में सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार सुरक्षा मानकों और संचालन में उत्कृष्टता के प्रति इन प्लांट्स और माइंस की प्रतिबद्धता को मान्यता देता है। टाटा स्टील के विभिन्न सुरक्षा और ऑपरेशन हेड्स को यह सम्मान प्राप्त हुआ, जिनमें श्री ठाकुर अजय कुमार विश्वंभरनाथ (हेड, सेफ्टी - माइंस), श्री किशोर बरन मैती (हेड, सेफ्टी - एफएपी और स्टेनलेस स्टील प्लांट्स), श्री सरबेश्वर नायक (हेड, एफएपी अथागढ़) सहित अन्य प्रमुख अधिकारी शामिल थे। टाटा स्टील के एक्जीक्यूटिव इंचार्ज (एफएएमडी) पंकज सतीजा ने कहा कि हम हमेशा अपने कर्मचारियों के लिए एक सुरक्षित और स्वस्थ कार्यस्थल सुनिश्चित करने में विश्वास करते हैं। ये पुरस्कार हमारे प्रयासों की सराहना करते हैं और हमें सुरक्षा और कर्मचारियों की भलाई के लिए नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की प्रेरणा देते हैं। टाटा स्टील के लिए सुरक्षा हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता रही है, और कंपनी अपने प्रत्येक कार्यस्थल में सुरक्षा संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।