रक्तदान शिविर में शिक्षकों, कर्मचारियों व अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
चिरंजीवी कॉन्सेप्ट स्कूल में आयोजित शिविर में दिया गया मानवता का संदेश

रांची। होचर कांके स्थित चिरंजीवी कॉन्सेप्ट स्कूल में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर स्टेट ऑफ आर्ट मॉडल ब्लड सेंटर, राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची के सौजन्य से विद्यालय परिसर में आयोजित हुआ। शिविर में डॉ. उमेश सिंह एवं डॉ. कविता देवघरिया के नेतृत्व में चिकित्सकीय टीम मौजूद रही, जिन्होंने रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर सुरक्षित रूप से रक्त संग्रह किया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों तथा अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। शिविर में आशीष सैनी, मिजरन टोपनो, सचिन और रबीन्द्र गोप सहित अन्य सदस्य भी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
विद्यालय की निदेशिका डॉ. माया कुमार, उप निदेशक एस. के. सिन्हा तथा प्राचार्या श्वेता त्रिपाठी ने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया। इस दौरान निदेशिका डॉ. माया कुमार ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आज के समय में दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों और आपात स्थितियों में रक्त की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है, ऐसे में प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति का आगे आना अत्यंत जरूरी है।
उन्होंने आगे कहा कि रक्तदान करने से किसी प्रकार की शारीरिक कमजोरी नहीं आती, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी माना जाता है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान कई जरूरतमंदों के लिए जीवन का संबल बन सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की भ्रांतियों से दूर रहें और नियमित रूप से रक्तदान कर समाज में जीवन बचाने की इस महान परंपरा को मजबूत करें।
उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों में सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होती है, जो उन्हें एक बेहतर नागरिक बनने की प्रेरणा देती है।शिविर के सफल आयोजन से विद्यालय परिवार में सहयोग, सेवा और मानवता के मूल्यों को और अधिक मजबूती मिली।