ताज़ा-ख़बर

चैत्र नवरात्र में गंदगी से जूझ रहा वार्ड 17, झाड़ू लेकर सड़कों पर उतरीं नीतू शर्मा

रिपोर्ट: MANISH 5 घंटे पहलेझारखण्ड

कागजों में सफाई, जमीन पर बदहाली - नगर निगम पर बरसीं पार्षद, व्यवस्था सुधार की मांग तेज

चैत्र नवरात्र में गंदगी से जूझ रहा वार्ड 17, झाड़ू लेकर सड़कों पर उतरीं नीतू शर्मा

आदित्यपुर : चैत्र नवरात्र जैसे पवित्र पर्व के बीच आदित्यपुर नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल खुलती नजर आ रही है। वार्ड 17 हरिओम नगर में गंदगी और बदहाल स्थिति से नाराज पार्षद नीतू शर्मा खुद झाड़ू लेकर सड़क पर उतर गईं और नगर निगम के खिलाफ खुलकर विरोध जताया। पार्षद नीतू शर्मा ने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा सफाई कर्मियों की भारी कमी कर दी गई है जिससे पूरे वार्ड में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। उन्होंने बताया कि पहले प्रत्येक वार्ड में तीन पुरुष और तीन महिला सफाई कर्मी तैनात किए जाते थे लेकिन अब केवल एक पुरुष और दो महिला कर्मियों से ही पूरे क्षेत्र की सफाई कराई जा रही है। ऐसे में नवरात्र के दौरान मंदिरों और आसपास के इलाकों में भी स्वच्छता बनाए रखना चुनौती बन गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कागजों में आठ सफाई कर्मियों की तैनाती दिखाई जाती है जबकि वास्तविकता में स्थिति बेहद खराब है। पिछले तीन वर्षों से वार्ड में सफाई व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है और अब भी सुधार के कोई ठोस प्रयास नजर नहीं आ रहे। वार्ड के कई इलाकों में बजबजाती नालियां, कचरे के ढेर और दुर्गंध से लोग परेशान हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि नवरात्र जैसे धार्मिक अवसर पर भी साफ-सफाई की अनदेखी आस्था के साथ खिलवाड़ है। नीतू शर्मा ने नगर निगम से तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, पर्याप्त कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने और धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो जनता के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।

इन्हें भी पढ़ें.