प्रभात पार्क में तेजस्विनी महिला संगठन ने मनाया स्वतंत्रता दिवस, केपी सोरेन ने किया ध्वजारोहण
वार्ड 17 में गूंजा राष्ट्रगान, शहीदों को श्रद्धांजलि देकर एकता-सद्भाव का लिया संकल्प

आदित्यपुर : नगर निगम के वार्ड संख्या 17 स्थित प्रभात पार्क में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तेजस्विनी महिला संगठन की ओर से समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झामुमो नेता प्रो. केपी सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और ध्वजारोहण किया। समारोह का आयोजन तेजस्विनी महिला संगठन की अध्यक्ष सह वार्ड 17 की पार्षद नीतू शर्मा के नेतृत्व में किया गया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। इस दौरान देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। समारोह में स्थानीय लोगों और तेजस्विनी महिला संगठन की सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर पार्षद नीतू शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के वीर शहीदों के त्याग और बलिदान को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि तेजस्विनी महिला संगठन महिलाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ-साथ क्षेत्र के विकास और सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने भविष्य में भी संगठन की गतिविधियों को और व्यापक बनाने की बात कही। मुख्य अतिथि प्रो. केपी सोरेन ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य वीर स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज में एकता, भाईचारा और सद्भाव बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से क्षेत्र और समाज के विकास में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया। समारोह के दौरान महिलाओं की सामाजिक भागीदारी और संगठन की गतिविधियों को लेकर भी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने के साथ सामाजिक सहयोग की भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। समारोह में लता गुड़िया, सपना, संगीका, सुमन, एनिमा, राखी, रेखा, संजना, डोली, जानवी, अर्पिता, डेजी, राजेश कुमार, मनोज अग्रवाल, जतन कुमार, विकास प्रसाद, गुड़िया गुप्ता, अरविंद कुमार सिंह, अशोक प्रसाद सिंह, रघुपति, हर्ष बंदर, राजेश कुमार अग्रवाल, किरण शर्मा, पिंकी ठाकुर, पवन शाह एवं जितेंद्र कुमार समेत तेजस्विनी महिला संगठन की सदस्याएं एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।