महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में ठेका कर्मियों के वेतन मामले में प्रशासन सख्त, जांच के आदेश जारी
अर्जुन प्रसाद यादव की पहल पर अपर श्रमायुक्त ने कॉलेज प्रबंधन को किया तलब

गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित राजकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में ठेका कर्मियों को न्यूनतम मजदूरी नहीं दिए जाने और वर्ष 2015 से कार्यरत कर्मियों को हटाकर नए कामगार लगाए जाने के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। झारखंड प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश महासचिव अर्जुन प्रसाद यादव की शिकायत पर अपर श्रमायुक्त, जमशेदपुर ने संज्ञान लेते हुए जांच का आदेश जारी किया है। अपर श्रमायुक्त कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार कॉलेज प्रबंधन को 11 दिसंबर 2025 को संध्या पांच बजे जांच में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। साथ ही मजदूरी भुगतान पंजी, बैंक स्टेटमेंट, उपस्थिति पंजी, वर्क ऑर्डर एवं वेज स्लिप सहित सभी संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है। श्री यादव ने कहा कि ठेका कर्मियों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ उनकी यह पहल है और वे श्रमिकों को उनका वैधानिक अधिकार दिलाने तक संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने इसे श्रमिक हित में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई बताया।