डीसी के निर्देश पर संयुक्त टीम ने की कार्रवाई, अवैध रूप से संचालित सौम्या मेडिकल स्टोर सील
जांच के दौरान आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने और प्रथम दृष्टया अनियमितताएं पाए जाने पर प्रशासन ने सौम्या मेडिकल स्टोर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
लातेहार। लातेहार रेलवे स्टेशन रोड चटनाही स्थित सौम्या मेडिकल स्टोर में बिना लाइसेंस,बिना ट्रेड लाइसेंस के दुकान संचालित होने की सूचना पर नगर पंचायत ने कार्रवाई की।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि एक महिला का प्रसव दुकान में कराया गया, जिसमें मृत शिशु के जन्म के बाद उसके शव को कचरे के डिब्बे में फेंक दिया गया।सूचना मिलते ही नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन मौके पर पहुंचे और उपायुक्त संदीप कुमार को मामले से अवगत कराया।

उपायुक्त के निर्देश पर एसडीओ दिनेश कुमार, एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता, अंचल अधिकारी नंद कुमार राम तथा सदर थाना प्रभारी प्रमोद सिन्हा की संयुक्त टीम ने स्थल का निरीक्षण कर जांच की।जांच के दौरान आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने और प्रथम दृष्टया अनियमितताएं पाए जाने पर प्रशासन ने सौम्या मेडिकल स्टोर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। अधिकारियों ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।कार्रवाई के दौरान दुकान संचालक सागर कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बरामद भ्रूण को चिकित्सकीय जांच के लिए रांची भेजा जाएगा, ताकि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।