ताज़ा-ख़बर

किसानों के बीच 10 अगस्त तक बीजों का वितरण कराएं सुनिश्चित : उपायुक्त

रिपोर्ट: Shailendra Tiwary6 दिन पहलेझारखण्ड

उपायुक्त ने कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की समीक्षा की

किसानों के बीच 10 अगस्त तक बीजों का वितरण कराएं सुनिश्चित : उपायुक्त

मेदिनीनगर (पलामू) : पलामू की उपायुक्त समीरा एस ने मंगलवार को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग सहित अन्य संबद्ध विभागों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। वेश्म में आयोजित बैठक में उपायुक्त ने विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की कार्य प्रगति की समीक्षा की। संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति से अवगत हुईं। संबंधित पदाधिकारियों को किसान व पशुपालकों से संबंधित योजनाओं पर विशेष ध्यान देते हुए योग्य लाभुकों को योजना से अच्छादित करने का निर्देश दिया। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने खरीफ सीजन अंतर्गत वितरण किये जाने वाले धान, मक्का, अरहर सहित अन्य बीजों की जानकारी ली। उन्होंने सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को इस कार्य में सक्रिय करने व आगामी 10 अगस्त तक बीज वितरण कार्य को पूर्ण कराने को लेकर जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देशित किया। इसके अलावे समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना सह कृषक पाठशाला के तहत पलामू जिले में विकसित किये जा रहे कृषि फॉर्म के कार्य प्रगति की जानकारी ली। मत्स्य विभाग की समीक्षा में उपायुक्त ने मत्स्य पालन की दिशा में बेहतर कार्य करने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने मत्स्य के अंतर्गत वेद व्यास आवास योजना, तालाब जलाशय, समेकित मत्स्य पालन व पोर्टेबल हैचरी के तहत किये जा रहे कार्यों की अद्यतन जानकरी ली। इसके साथ ही बायोफ्लॉक तकनीक के माध्यम से मछली पालन की दिशा में कार्य करने का निर्देश दिया। इससे पलामू में मछली व मछली बीज उत्पादन को बढ़ावा मिल सके। साथ ही पलामू को मछली उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाया जा सके। उद्यान विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने पलामू में उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा देने के लिए नर्सरी को विकसित करने का निर्देश दिया। इस दौरान डीसी ने प्रमोशन ऑफ अर्बन फार्मिंग व मधुमक्खी पालन सहित कई योजनाओं की जानकारी ली। गव्य विकास की ओर से संचालित योजनाओं में प्रगति लाने व समय-समय पर गव्य विकास की ओर से संचालित योजनाओं का प्रचार-प्रसार कराने पर बल दिया। उपायुक्त ने पशुपालन विभाग के तहत किये जा रहे पशुओं के वैक्सीनेशन की जानकारी ली। उन्होंने प्राप्त लक्ष्य के अनुरूप सभी पशुओं का वैक्सीनेशन पूर्ण कराने की बात कही। इसी तरह भूमि संरक्षण अंतर्गत तालाब जीर्णोद्धार, परकोलेशन टैंक, डीप बोरिंग आदि की भी समीक्षा की। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी सहित कई पदाधिकारी शामिल थे।

इन्हें भी पढ़ें.